अहमदाबाद: अरब सागर में उठा ‘वायु’ तूफान ताकतवर चक्रवात में तब्दील हो गया है। यह गुरुवार दोपहर को गुजरात में द्वारका और वेरावल के बीच के तटीय इलाकों में टकरा सकता है। इस दौरान कम से कम 150 किमी और अधिकतम 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 9 जिलों कच्छ, जामनगर, जूनागढ़, द्वारका, पोरबंदर, राजकोट, अमरेली, भावनगर और सोमनाथ के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। यहां के 500 से ज्यादा गांव खाली करा लिए गए हैं। बुधवार रात तक तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
एनडीआरएफ की 52 टीमें तैनात
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात से अब तक तीन लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हैं। अकेले दीव से 10 हजार से ज्यादा लोगों को निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।’’
- गुजरात में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन (एनडीआरएफ) की 52 टीमें तैनात की गई हैं। राज्य आपदा प्रबंधन की 9 टीमें और 300 मरीन कमांडो की भी तैनाती की गई है। चुनिंदा जगहों पर तट रक्षक बल के 9 हेलिकॉप्टर रखे गए हैं।
- मौसम विभाग की चेतावनी के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने पोरबंदर, दीव, भावनगर, केशोद और कांडला एयरपोर्ट पर गुरुवार देर रात तक उड़ानों का परिचालन बंद रखने का फैसला किया है।
- पश्चिम रेलवे ने 40 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। 28 ट्रेनों के सफर की दूरी कम कर दी गई है।
- रक्षा विभाग ने बुधवार को बताया कि सेना के 10 कॉलम गुजरात में तैनात किए गए हैं। ये कॉलम जामनगर, गिर, द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, सोमनाथ, मोरबी, भावनगर, राजकोट और अमरेली में तैनात हैं। एक कॉलम में 70 सैनिक होते हैं। 24 अन्य कॉलम को स्टैंड बाय पर रखा गया है।
- वायुसेना ने गुजरात के कुछ इलाकों में मीडियम लिफ्ट और लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर तैनात किए हैं।
- नौसेना ने P8i एयरक्राफ्ट और IL-76 ट्रांसपोर्टर एयरक्राफ्ट तैयार रखा है।
- गुजरात के अतिरिक्त मुख्य सचिव पंकज कुमार ने बताया कि बुधवार शाम तक चक्रवात वेरावल से 280 किमी और पोरबंर से 360 किमी की दूरी पर था।
तटीय इलाकों में स्कूल-कॉलेज बंद
वायु से निपटने के लिए गुजरात प्रशासन हाई अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि प्रशासन ओडिशा सरकार के साथ संपर्क में है, ताकि तूफान फैनी के जैसे नुकसान को कम करने के तरीकों की जानकारी मिल सके। सभी कर्मचारियों को छुट्टी रद्द कर ड्यूटी पर लौटने को कहा है। तटीय इलाकों में सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों को 13 और 14 जून को बंद रखा जाएगा।

