वाॅशिंगटन: अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो 24 जून काे भारत की यात्रा पर आएंगे। इससे पहले उन्होंने भाजपा के चुनावी स्लोगन ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर प्रसाद की तारीफ की। बुधवार को भारत-अमेरिका व्यापार परिषद की बैठक में पोम्पियो ने कहा कि मैं देखना चाहता हूं कि मोदी दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत कैसे बनाते हैं। अपने समकक्ष जयशंकर से मिलने के लिए भी उत्साहित हूं। वे एक मजबूत साथी हैं।
पोम्पियो ने कहा, ‘‘हम भारत की नई सरकार के साथ बातचीत जारी रखेंगे। मोदी ने अपने चुनाव अभियान में कहा था- मोदी है तो मुमकिन है। अब देखना है कि वह दुनिया के साथ रिश्तों और भारत की जनता से किए वादों को कैसे संभव बनाते हैं। उम्मीद है कि वे अमेरिका के साथ रिश्तों को और मजबूत करेंगे। भारत यात्रा के दौरान ट्रम्प प्रशासन के ‘महत्वाकांक्षी एजेंडे’ पर बातचीत होगी।’’
पोम्पियो की यात्रा हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए अहम
ट्रम्प प्रशासन भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने पर लगातार जाेर दे रहा है। पोम्पियो भारत के अलावा श्रीलंका, जापान और दक्षिण काेरिया भी जाएंगे। भारत दौरे पर प्रधानमंत्री माेदी और विदेश मंत्री जयशंकर से बातचीत करेंगे। पाेम्पियो की हिंद-प्रशांत क्षेत्राें की यात्रा 30 जून काे पूरी हाेगी। चार देशाें की इस यात्रा का खाका राष्ट्रपति डाेनाल्ड ट्रम्प के हिंद-प्रशांत क्षेत्र की रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने के मद्देनजर तैयार किया गया है।

