नई दिल्ली:विश्वकप 2011 में भारत की खिताबी जीत में ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे और कैंसर पर विजय पाने वाले भारतीय क्रिकेट के युवराज सिंह ने क्रिकेट से संन्यास लेने की सोमवार को घोषणा कर दी। भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, कप्तान विराट कोहली, बीसीसीआई, पूर्व और मौजूदा भारतीय खिलाड़ियों ने संन्यास का ऐलान कर चुके क्रिकेटर युवराज सिंह को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। इस कड़ी में रोहित शर्मा ने भी युवराज सिंह के लिए एक ट्वीट किया है।
रोहित शर्मा आईपीएल 2019 में मुंबई इंडियंस के कप्तान थे। युवराज सिंह आईपीएल के बीते सीजन में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। युवराज को मुंबई इंडियंस ने बेस प्राइज पर खरीदा था।
रोहित शर्मा में युवराज सिंह के लिए ट्वीट करते हुए लिखा- तुम नहीं जानते कि अबतक तुमने जो भी हासिल किया है। वह शानदार है। बहुत सारा प्यार मेरे भाई, तुम इससे बेहतर विदाई के हकदार थे।
युवराज सिंह ने नम आंखों के साथ संन्यास लेने का ऐलान करते हुए कहा, “यह मेरे लिए बहुत ही भावुक पल है। देश के लिए खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए जीवन के सबसे बड़े गौरव की बात होती है और उस खेल को छोड़ना आसान नहीं होता जिससे आपने इतना प्यार किया है। यह बहुत मुश्किल और साथ ही मेरे लिए बहुत खूबसूरत समय है। क्रिकेट करियर में 25 और अंतरराष्ट्रीय करियर में 17 साल गुजारने के बाद अब मैंने आगे बढ़ने का फैसला कर लिया है।”
रोहित शर्मा ने युवराज के संन्यास पर कहा- तुम इससे बेहतर के हकदार थे

