नई दिल्ली:पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री और एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल एयरलाइन सीट आवंटन घोटाले के सिलसिले में आज (06 मई) को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश नहीं हो पाएंगे. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) किसी और तारीख के लिए अनुरोध किया है.
प्रफुल्ल पटेल के खिलाफ ये आरोप
ED के मुताबिकस दीपक तलवार ने सिविल एविएशन के अधिकारियों और मंत्री से मिलकर एयर इंडिया के फायदे वाले ट्रैफिक राइट्स, रुट, सीट शेयरिंग और टाइमिंग एमिरेट्स, एयर अरेबिया और कतर एयरलाइन को दिलवाए, जिसके बदले में इन कंपनियों ने दीपक तलवार के खाते M/s Asia Field Ltd और M/s Gilt Assets Management Ltd में जून 2008 से फरवरी 2009 के दौरान 272 करोड़ रुपये डाले. इतना ही नहीं आरोप है कि प्रफुल्ल पटेल ने देश में एयर इंडिया के फायदे के रुट भी प्राईवेट एयरलाइन, किंशफिशर एयरलाइन, जेट एयरवेज, गो एयरलाइन, स्पाइस जेट औप पैरामाउंट को दे दिए.
CBI ने इसमें दर्ज किया था मामला
इसके अलावा एयरबेस से खरीदे गए 43 एयरप्लेन भी सवालों के घेरे में हैं. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने इसमें मामला दर्ज किया था, जिसके बाद ED ने भी मनी लॉड्रिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. ED जांच के दौरान एयरबस खरीद मामले में भी पूछताछ कर सकती है.
प्रफुल्ल पटेल की बढ़ेंगी मुश्किलें
साफ है कि प्रफुल्ल पटेल के लिए आने वाले दिन मुश्किल भरे होने वाले हैं. हालांकि प्रफुल्ल पटेल ने कहा था वह ED की जांच में सहयोग करेंगे और एविएशन से जुड़ी पेचिदिगियों को समझाने की कोशिश करेंगे. लेकिन जिस तरह से ED मंत्रालय से जुड़े पूर्व अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है और बिचौलिये दीपक तलवार के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है, ऐसे हालात में प्रफुल्ल पटेल के लिये ED के सवालों का जवाब देना आसान नहीं होगा.
एविएशन घोटाला: आज ED के सामने पेश नहीं होंगे प्रफुल्ल पटेल

