मुंबई:टीवी का पॉपुलर सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ अपने ‘दयाबेन’ के किरदार को लेकर काफी सुर्खियों में है। फैन्स कबसे उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं और अब उनको लेकर एक नई खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तारक मेहता में दयाबेन ICC वर्ल्ड कप 2019 के बाद शो में एंट्री करेंगी। हालांकि अभी तक दिशा वकानी या किसी और की तरफ से अभी तक कोई ऑफिशयल बयान सामने नहीं आया है।
कुछ समय पहले ये भी खबर आई थी कि दिशा 18 मई से शो पर वापसी करने वाली हैं, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। खबर ये भी आई थी कि शो के मेकर्स ने भी दिशा को अल्टीमेटम दिया है कि वो जल्द ही शो पर वापस आ जाएं, नहीं तो उन्हें दिशा की जगह किसी और को रिप्लेस करना होगा।
बता दें कि दिशा सितंबर 2017 से शो में नहीं हैं। उन्होंने नवंबर 2017 में बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद से उन्होंने शो में वापसी नहीं की है। शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी ने इस मामले पर कुछ समय पहले अपना बयान दिया था। उन्होंने कहा था, ‘मेरा एक्ट्रेस के साथ कोई विवाद नहीं है। दिशा पिछले 1 साल से ज्यादा समय से हमारे साथ काम नहीं कर रही हैं। हम समझते हैं कि हर मां अपने बच्चे के साथ समय बिताना चाहती है, लेकिन अब उनकी बेटी 1 साल की हो गई हैं तो हम उम्मीद कर रहे हैं कि दिशा वापस शो में आएंगी। मेरे दर्शक दयाबेन की लंबी अनुपस्थिति पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन हां इससे हमारे शो की रेटिंग पर कोई असर नहीं पड़ा है।’

