नॉटिंघम:पाकिस्तान ने सोमवार को वर्ल्ड कप 2019 में अपनी पहली जीत हासिल की। उसने नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम पर खेले गए मैच में इंग्लैंड को 14 रन से हराया। उसने 11 वनडे बाद कोई मैच जीता है। इससे पहले उसे आखिरी जीत इस साल 27 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका मिली थी। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 348 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 334 रन ही बना पाई।
पाकिस्तान अपना हाइएस्ट स्कोर नहीं बना पाया
पाकिस्तान वर्ल्ड कप में अपना हाइएस्ट स्कोर बनाने से 2 रन से चूक गया। उसका वर्ल्ड कप में हाइएस्ट स्कोर 349 रन है, जो उसने 2007 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया था। हालांकि, तब उसकी पूरी टीम 49.5 ओवर में ऑलआउट हो गई थी। इस मैच में यदि वह 2 रन और बना लेता तो अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ देता।
पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में छठी बार 300+ रन का स्कोर किया
पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में छठी बार 300 से ज्यादा का स्कोर बनाया। उसने पहली बार 300+ रन का स्कोर 14 जून 1975 को इसी मैदान पर बनाया था। तब श्रीलंका के खिलाफ उसका स्कोर 330/6 था। इसके बाद उसने 1983 में श्रीलंका के खिलाफ 338/5, 2007 में 349, 2011 में केन्या के खिलाफ 317/7 और 2015 में यूएई के खिलाफ 339/6 का स्कोर किया था। पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में जब भी 300+ का स्कोर किया, जीत हासिल की।
मोहम्मद हफीज का ऑलराउंड प्रदर्शन
इस मैच में पाकिस्तान की ओर से वहाब रियाज सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 82 रन देकर 3 विकेट लिए। शादाब खान ने 63 और मोहम्मद आमिर ने 67 रन देकर 2-2 विकेट लिए। मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक भी इंग्लैंड के 1-1 बल्लेबाज को पवेलियन भेजने में सफल रहे। हफीज मैन ऑफ द मैच चुने गए। वे 84 रन बनाकर पाकिस्तान के हाइएस्ट स्कोरर थे।
दो बल्लेबाजों के शतक के बावजूद इंग्लैंड हारा
इंग्लैंड की ओर से दो बल्लेबाजों जो रूट और जोस बटलर ने शतक लगाए। बटलर 76 गेंद पर 103 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 75 गेंद पर अपना शतक और 34 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया था। उन्होंने इस टूर्नामेंट का दूसरा शतक लगाया। उनका यह वर्ल्ड कप का पहला और वनडे इंटरनेशनल का नौवां शतक है।
रूट का वर्ल्ड कप में दूसरा शतक
रूट ने 10 चौके और एक छक्के की मदद से 104 गेंद पर 107 रन बनाए। शादाब खान की गेंद पर मोहम्मद हफीज ने उनका कैच पकड़ा। रूट ने 97 गेंद पर अपना शतक पूरा किया था। वे इस वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। उनका वनडे इंटरनेशनल में यह 14वां शतक है। उनका वर्ल्ड कप में यह दूसरा शतक है। उन्होंने वर्ल्ड कप में अपना पहला शतक 2015 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। तब उन्होंने 121 रन की पारी खेली थी।

