वाशिंगटन:राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को वाइट हाउस में दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स को अमेरिका के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘प्रेजिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम’ से सम्मानित किया। ट्रंप ने पिछले महीने मास्टर्स टूर्नामेंट जीतने पर भी वुड्स को बधाई दी थी। हालांकि, ट्रंप के इस फैसले को हालांकि नस्लीय राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा था, क्योंकि वुड्स अश्वेत गोल्फर हैं। वुड्स के पिता अश्वेत थे, जबकि माता थाईलैंड मूल की हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप इससे पहले अश्वेत एनबीए खिलाड़ियों और अमेरिकी फुटबॉल खिलाड़ियों से भिड़ चुके हैं, लेकिन वह हमेशा से वुड्स के प्रशंसक रहे हैं। अपने शानदार करियर के दौरान वुड्स राजनीति से दूर रहे लेकिन मौका मिलने पर वह डेमोक्रेट राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और बराक ओबामा तथा रिपब्लिकन राष्ट्रपति एचडब्ल्यू बुश और ट्रंप के साथ हाथ आजमाने से पीछे नहीं हटे।
गोल्फर टाइगर वुड्स ने इस सम्मान के लिए अपने ऑफिशियल टि्वटर अकाउंट से सभी को धन्यवाद दिया है।
बता दें कि 43 साल के वुड्स ने अप्रैल में ‘द मास्टर्स’ खिताब जीता था जो 14 सालों बाद उनका पहला मेजर खिताब और करियर का ओवरऑल 15वां मेजर खिताब है। उन्होंने अपना आखिरी मेजर खिताब वर्ष 2008 में जीता था।
वर्ष 1963 में राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने अमेरिकी की सुरक्षा, राष्ट्रीय हित, विश्व शांति या अन्य किसी क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए इस पुरस्कार की स्थापना की थी। वुड्स से पूर्व 30 से अधिक खिलाड़ियों को यह सम्मान दिया जा चुका है, जिसमें अमेरिकी गोल्फ लीजेंड जैक निकोलस और आनोर्ल्ड पामर शामिल हैं।
वर्ष 2009 में सेक्स स्कैंडल में फंसने, पत्नी से बहुचर्चित तलाक और पीठ में कई सालों तक चली चोट और उसके लिए सात सर्जरी जैसी परेशानियां झेलने के बाद वुड्स के लिए मेजर खिताब और अमेरिका के प्रतिष्ठित सम्मान को हासिल करना अहम रहा।
टाइगर वुड्स को मिला अमेरिका का सबसे बड़ा सम्मान

