भदोही: लोकसभा चुनाव 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें चरण के मतदान के एक दिन पहले ही छठवें चरण के क्षेत्र के मतदाताओं को साधने में लग गए हैं। कारपेट नगरी भदोही में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औराई में भाजपा विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हेलिकॉप्टर से भदोही पहुंचे। वहां सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उनका स्वागत किया। मंच पर पीएम मोदी सभी से बारी-बारी से मिले।
पीएम नरेंद्र मोदी ने आज विभिन्न पंथ को भी परिभाषित किया। उन्होंने कहा हमारे देश में स्वतंत्रता के बाद की राजनीति में चार अलग-अलग तरह के दल और पॉलिटिकल कल्चर देखे गए हैं। पहला नामपंथी, दूसरा वामपंथी, तीसरा दाम-दमन पंथी और चौथा- विकास पंथी। उन्होंने कहा कि नामपंथी यानी जो सिर्फ अपने वंशवादी नेता का नाम जपे। वामपंथी यानी जो विदेशी विचारधारा को भारत पर थोपने की कोशिश करे। दाम-दमन पंथी यानी जो धन और बाहुबल की ताकत पर सत्ता पर कब्जा करे। विकास पंथी, जिसके लिए सिर्फ और सिर्फ देश के लोगों का विकास ही सबसे बड़ी प्राथमिकता हो। उन्होंने कहा कि जिसके लिए दल से भी बड़ा देश हो। जब सिर्फ अपना और अपने परिवार का नहीं बल्कि देश का विकास करने की इच्छाशक्ति के साथ सरकारें चलाई जाती है, तो इसी तरह का परिवर्तन आता है। आज दुनिया में भारत की सफाई की बात होती है।महामिलावटी ने सत्ता का पैसा बनाने के लिये इस्तेमाल किया। हमें सत्ता मिलती है तो हम सबका साथ सबका विकास करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि महामिलावटी हर चीज को चुनाव के चश्मे से देखते हैं। अब महामिलावटी कह रहे हैं कि देश में चुनाव था, इसलिए मोदी ने मसूद अजहर पर बैन लगवा दिया। हर चीज को चुनाव के चश्मे से देखने की वजह से ही आज कांग्रेस और उसके साथियों की यह हालत हो गई है। पीएम मोदी ने कहा कि जब परिवार नहीं देश के लिये कुछ काम किया जाता है तो परिवर्तन आता है। आज दुनिया में भारत की सफाई की बात होती है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि चुनाव की गरमी को बढ़ती जा रही है, लेकिन ईश्वर कुछ कृपा कर रहा है। उन्होंने कहा कि आप लोगों के हौसला देने के कारण अब मैं इस रण में जोरदार तरीके से उतरा हूं। हमने देश के अंदर के साथ सीमा पर भी सब दुरुस्त करने का प्रयास किया है। देश में कोई आतंकी हमला हो तो सबको दर्द होता है। जब कश्मीर में हमला होता है तो भदोही भी रोता है। हमला कश्मीर में हो तो आंसू भदोही में भी निकलता है। भदोही का कालीन निर्माता साख का महत्व जानता है। 2014 से पहले की कांग्रेस सरकार ने ऐसा किया कि दुनिया हमारी साख नहीं मान रही थी।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया में भारत की गूंज अगर सुनाई दे रही है तो इसके पीछे आपके वोट की ताकत है। दो-तीन पहले ही आपने देखा कि दुनिया की सबसे बड़ी संस्था ने, भारत में सैकड़ों लोगों की जान लेने के गुनहगार मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया है। अब तक पाकिस्तान उसे दावत खिला रहा था। अब वही पाकिस्तान मसूद अजहर पर कार्रवाई के लिए मजबूर हुआ है
पीएम मोदी बोले- भाजपा तो विकास पंथी, काम भी दिख रहा

