मुंबई:भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि विश्व कप में भारत के अभियान में महेंद्र सिंह धौनी की भूमिका काफी अहम होगी और उन्होंने यह भी कहा कि यह उनकी खेल की समझ तक ही सीमित नहीं है। धौनी ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में 11 मैचों में 358 रन बनाए हैं। गावस्कर का मानना है कि 30 मई से शुरू हो रहे विश्व कप में धौनी बड़े स्कोर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा,’हमारे पास शीर्ष क्रम में तीन बेहतरीन बल्लेबाज हैं। यदि वे नहीं चल सके तो धौनी चौथे या पांचवें नंबर पर बड़ा अंतर पैदा करेंगे।’
‘धौनी विश्व विजेता कप्तान, उनका अनुभव है कीमती’
सुनील गावस्कर ने कहा,’हमने महेंद्र सिंह धौनी की विकेटकीपिंग की काबिलियत देखी है। लेकिन विकेट के ठीक पीछे से वह स्पिनरों और दूसरे गेंदबाजों को बताते हैं कि कहां गेंद डालनी है और उसके अनुसार कैसे फील्ड लगानी है। विराट कोहली डीप में या लॉन्ग आन लॉन्ग आफ से यह नहीं देख पाते होंगे कि बैकवर्ड प्वाइंट का फील्डर थोड़ा दाहिने या बाएं हो गया है या स्क्वेयर लेग के फील्डर की जगह बदली है। एमएस धौनी निश्चित तौर पर विराट कोहली के पूरे समर्थन के साथ ये बदलाव करते हैं।’ उन्होंने कहा कि धौनी वनडे विश्व कप 2011 का खिताब जीत चुके हैं और इससे उनका अनुभव और कीमती हो जाता है।
सुनील गावस्कर बोले: एमएस धौनी विश्व विजेता कप्तान हैं, उनका अनुभव बहुत कीमती

