वुहान:सातवीं सीड सायना नेहवाल और गैर वरीय समीर वर्मा को एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुक्रवार को एकल मुकाबलों के क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। सायना को उनकी पुरानी प्रतिद्वंद्वी और तीसरी सीड जापान की अकाने यामागुची ने एक घंटे नौ मिनट के संघर्ष में 21-13, 21-23, 21-16 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। सायना ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में वापसी करते हुये जीत हासिल की लेकिन निणार्यक गेम में वह जापानी खिलाड़ी से पार नहीं पा सकीं।
सायना के साथ समीर वर्मा भी हारे
विश्व रैंकिंग में नौवें नंबर की सायना नेहवाल का इस हार के बाद चौथे नंबर की यामागुची के खिलाफ 2-8 का रिकॉर्ड हो गया है। वहीं समीर वर्मा को क्वार्टरफाइनल में दूसरी सीड चीन के शी यूकी से हार का सामना करना पड़ा। चीनी खिलाड़ी ने 36 मिनट में भारतीय खिलाड़ी को 21-10, 21-12 से शिकस्त देकर अंतिम चार में स्थान बना लिया। शी यूकी ने इसके साथ ही समीर वर्मा के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 5-1 कर लिया है।

