कोलकाता: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने आगामी वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने विश्व कप शुरू होने से एक महीने पहले ही सेमीफाइनल की चार दावेदार टीमों को लेकर अपना अनुमान जता दिया है. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के मजबूत पक्ष उसे किसी भी प्रतियोगिता में प्रबल दावेदार बनाते हैं और फिर चाहे यह विश्व कप ही क्यों ना हो. भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और पाकिस्तान के सेमीफाइनल में जगह बनाने की पूरी संभावना है.
भारत के विश्व कप 2003 के फाइनल के सफर के दौरान टीम की कमान संभालने वाले सौरव गांगुली का मानना है कि मौजूदा राउंड रॉबिन प्रारूप के कारण यह सबसे कड़े प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंटों में से एक होगा. गांगुली ने कहा, ‘मैं सेमीफाइनल के चार स्थानों के लिए भारत, आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और पाकिस्तान का चयन करूंगा. बेशक भारत खिताब के दावेदारों में से एक है.’
वनडे क्रिकेट की इस शीर्ष प्रतियोगिता में 10 टीमें राउंड रॉबिन फॉर्मेट के आधार पर हिस्सा लेंगी, जहां सेमीफाइनल से पहले प्रत्येक टीम दूसरी टीम से एक बार खेलेगी. गांगुली ने कहा, ‘यह सबसे कड़े प्रतिस्पर्धी विश्व कप में से एक होगा. भारतीय टीम इतनी मजबूत है कि वह किसी भी टूर्नामेंट में प्रबल दावेदार होगी. यह विश्व कप का संभवत: सर्वश्रेष्ठ प्रारूप है. सभी टीमों से खेलने के बाद सर्वश्रेष्ठ चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी.’
इस पूर्व कप्तान ने साथ ही कहा कि आईपीएल के नौ मैचों में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से कुलदीप यादव के सिर्फ चार विकेट हासिल करने से विश्व कप में उनका प्रदर्शन प्रभावित नहीं होगा. तीन विश्व कप खेल चुके गांगुली ने कहा, ‘वह विश्व कप में विकेट हासिल करेगा, चिंता मत करो. वह बेहतरीन गेंदबाज है.’ सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के सलाहकार हैं और मौजूदा सत्र में टीम के शानदार प्रदर्शन में उनकी अहम भूमिका मानी जा रही है.
सौरव गांगुली का दावा- ये 4 टीमें बनाएंगी सेमीफाइनल में जगह

