नई दिल्ली:इंग्लैंड एंड वेल्स में आगामी 30 मई से शुरू हो रहे आईसीसी वनडे विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका ने अपने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। रीजा हैंड्रिक्स को विश्व कप टीम में स्थान नहीं दिया गया है और दक्षिण अफ्रीका के चयनकर्ताओं ने अनुभवी हाशिम अमला पर एक बार फिर विश्वास जताया है। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका की विश्व कप टीम में हाशिम अमला को शामिल किए जाने पर संदेह के बादल मंडरा रहे थे। लेकिन चयनकर्ताओं ने अमला को टीम में शामिल कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
संतुलित नजर आ रही है दक्षिण अफ्रीकी टीम
बड़े टूर्नामेंटों में अहम मौकों पर हारने के कारण ‘चोकर्स’ ठप्पे वाली दक्षिण अफ्रीका ने अपनी विश्व कप टीम में संतुलन बनाने की पूरी कोशिश की है। इसलिए चयनकर्ताओं ने डेल स्टेन, इमरान ताहिर और हाशिम अमला जैसे अनुभवी खिलाड़यों पर भरोसा जताया है। बल्लेबाजी में एडेन मार्करम, हाशिम अमला, फैफ डु प्लेसिस, क्विंटन डि कॉक, रैसी वैन डर ड्यूसेन, डेविड मिलर, जेपी ड्यूमिनी टीम को मजबूती देंगे। वहीं, स्पिन विभाग में इमरान ताहिर का साथ देने के लिए तबरेज शम्सी होंगे। तेज गेंदबाजी विभाग में डेल स्टेल, कगीसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एनरिक नोर्त्जे शामिल हैं। ड्वेन प्रीटोरियस और एंडिले फेलुकवायो हरफनमौला की जिम्मेदारी निभाएंगे।
हर चार साल के अंतराल पर आयोजित होने वाले इस क्रिकेट महाकुंभ के 12वें संस्करण का आगाज 30 मई को लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और मेजबान इंग्लैंड के बीच मुकाबले से होगा। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम को अपना दूसरा मुकाबला रोज बाउल, साउथैम्टपन में 5 जून को भारत के खिलाफ खेलना है। यह भारत की विश्व कप में पहला मुकाबला होगा।
दक्षिण अफ्रीका की विश्व कप टीम:
फैफ डु प्लेसिस (कप्तान), एडेन मार्करम, क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), हाशिम अमला, रैसी वैन डर ड्यूसेन, डेविड मिलर, एंडिले फेलुकवायो, जेपी ड्यूमिनी, ड्वेन प्रीटोरियस, डेल स्टेन, कगीसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एनरिक नोर्त्जे, इमरान ताहिर, तबरेज शम्सी।
ICC ODI WC 2019: फैफ डु प्लेसिस के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका की 15 सदस्यीय टीम घोषित

