नई दिल्ली:दिल्ली में शनिवार को गर्मी ने बीते आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के मुताबिक बीते चार दिनों में ही राजधानी के अधिकतम तापमान में करीब नौ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
एनसीआर के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को तेज धूप का सामना करना पड़ा। हवा में भी गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग के सफदरजंग केन्द्र में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। जबकि, अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से करीब सात डिग्री ज्यादा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि गर्मी का अहसास बना रहेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम 19 डिग्री व सोमवार को अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस बना रह सकता है। जबकि सोमवार और मंगलवार को तेज गति वाली हवाएं चलने का भी अनुमान है। हवा की गति 30 किमी प्रतिघंटे से ज्यादा हो सकती है।
बीते साल से 13 डिग्री ज्यादा
| वर्ष | अधिकतम | न्यूनतम |
| 2019 | 39.2 | 20.2 |
| 2018 | 26 | 20 |
| 2017 | 38 | 23.7 |
| 2016 | 32 | 19 |
| 2015 | 30 | 19 |
| 2014 | 32 | 17 |
| 2013 | 28 | 15 |
| 2012 | 33 | 19 |
| 2011 | 33 | 19 |
बिहार में आज टूट सकता है गर्मी का रिकॉर्ड
रविवार को इस महीने में गर्मी का आठ वर्षों का रिकॉर्ड टूट सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 मार्च को पटना का पारा 39 डिग्री पर पहुंचने के आसार हैं। पिछले आठ साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च में पटना का अधिकतम पारा 38 डिग्री व इसके आसपास रहा है। वातावरण में विविध प्रभावों की वजह से गर्मी बढ़ने से ऐसी स्थिति बन सकती है। इससे पहले 27 मार्च 2010 में पारा 41.4 डिग्री पर पहुंचा था। .
एक अप्रैल से मौसम में बदलाव के आसार हैं। रविवार शाम से धूल भरी आंधी की स्थिति बन रही है। आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक आनंद शंकर ने बताया कि जलवायु विविधता का प्रभाव पटना के मौसम पर हाल के दिनों में पड़ा है। इसका प्रभाव तापमान में किसी-किसी दिन असामान्य वृद्धि के रूप में दिख रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि इस सीजन में गर्मी की स्थिति सामान्य ही रहने के आसार हैं।.
दोतरफा हवाओं से नमी भी बढ़ी: वरीय वैज्ञानिक ने कहा कि दोतरफा हवाओं का केंद्र बिहार का कुछ हिस्सा बन रहा है। इससे वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ रही है। पटना में पछुआ हवाओं का जोर है, जबकि राज्य के पूर्वी भाग में पूरवा का। इन हवाओं के मिलने से आंधी-पानी की स्थिति तैयार हो रही है।
देहरादून में तापमान 35 के करीब पहुंचा
मार्च के अंतिम में गर्मी बढ़ने लगी है। शनिवार को मैदानी इलाकों में तामपान सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक रहने की वजह से तपिश बढ़ गई। राजधानी में ही अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आने वाले दो दिनों में भी मैदानी इलाकों में इसी तरह का मौसम के रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि हालांकि रात में मौसम में अभी हल्की सर्दी बरकरार रहेगी। तापमान में इजाफा होने से लोगों को परेशानी होने लगी है। पेय पदार्थों एवं एसी कूलर और पंखों की बिक्री बढ़ गई है। उधर, मौसम के मिजाज में इस बदलाव के मद्देनजर डाक्टरों ने भी लोगों को खाने में ध्यान रखने और गर्मी से बचने की सलाह दी है। गांधी अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डा. प्रवीण कुमार, दून अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डा. जैनेंद्र कुमार ने कहा कि खाने में हरी सब्जियों, सलाद, दही का प्रयोग करें। पानी खूब पिएं और गर्मी से अपने आप को बचाएं। ऐसे मौसम में खाद्य पदार्थों से संक्रमण के मामले ज्यादा आते हैं। .
शहर अधिकतम न्यूनतम
देहरादून 34.6 17.6
पंतनगर 33.8 16.6
मुक्तेश्वर 24.5 10.6
नई टिहरी 24.6 12.9

