वुहान: अगले महीने यहां होने वाली एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप में चीन, जापान, इंडोनेशिया और अन्य एशियाई देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप चीन के वुहान में 23 से 28 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, टूर्नमेंट के नियमों के तहत, पांच वर्गों पुरुष एकल, महिला युगल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल में शीर्ष 10 एशियाई खिलाड़ियों का खेलना अनिवार्य है।
चैम्पियनशिप में चीन के लिन डेन, चेन लोंग और शी यूकी पुरुष एकल में खेलेंगे, जबकि वर्ल्ड नंबर वन जापान के केंटो मोमोटा इस वर्ग में अपना खिताब बचाने उतरेंगे। चीनी ताइपे के चाउ तिएन चेन और दक्षिण कोरिया के सुन वान-हो भी टूर्नमेंट में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला एकल का स्वर्ण पदक जीतने वाली चेन युफेई हमवतन ही बिंगजियाओ और हान यू के साथ मिलकर चीन का प्रतिनिधित्व करेंगी। ये खिलाड़ी जापान की नोजोमी ओकुहारा और अकाने यामागुची, भारत की पीवी सिंधु और सायना नेहवाल, थाइलैंड की रत्चानोक इंतानोन और दक्षिण कोरिया की चेंग ची-ह्यून के खिलाफ मुकाबले में उतर सकती हैं।
एशियाई चैम्पियनशिप में खेलेंगी साइना, सिंधु

