नागपुर:भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का दूसरा मैच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट असोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच के दौरान अपनी पारी में 22 रन पार करते ही टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। विराट कप्तान के तौर पर सबसे तेज 9000 इंटरनेशनल रन पूरे करने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। इस मामले में विराट ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग और साथी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धौनी को पीछे छोड़ दिया है।
विराट ने ये कारनामा 159वीं पारी में किया, जबकि रिकी पोंटिंग ने 203 पारियों में ऐसा किया था। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने 220 पारियों में जबकि धौनी ने 253 पारियों में कप्तान के तौर पर 9000 इंटरनेशनल रन पूरे किए थे। नागपुर वनडे में टीम इंडिया टॉस हार गई और ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पहले ही ओवर में उप-कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद विराट क्रीज पर आए। पहले शिखर धवन और फिर अंबाती रायुडू के साथ मिलकर विराट ने भारतीय पारी को संभाला।
विराट ने करियर का 50वां पचासा जड़ा और टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला। विराट ने कप्तान के तौर पर टी20 में 606, टेस्ट में 4515 और वनडे में 3900 से ज्यादा रन बनाए हैं। कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रनों का रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग के नाम दर्ज है, जिन्होंने 15440 रन बनाए हैं, वहीं धौनी ने कप्तान के तौर पर 11207 इंटरनेशनल रन बनाए हैं। विराट इस लिस्ट में छठे नंबर पर हैं।

