इंदौर:आगामी लोकसभा चुनावों के लिए मध्य प्रदेश में भाजपा के अभियान का शंखनाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजदीकी धार कस्बे में मंगलवार को पार्टी की सभा को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली में कहा कि एयरस्ट्राइक पाकिस्तान में हुई लेकिन सदमा भारत में बैठे कुछ लोगों को लगा है। उन्होंने कहा कि भारत ने अब आतंकियों और आतंक के सरपरस्तों को डंके की चोट पर कह दिया है कि अब उनके सामने सुधरने के अलावा कोई चारा नहीं है। अगर वो फिर भी नहीं सुधरेंगे, फिर क्या किया जाएगा, ये भी उन्हें बता दिया गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत भर में महामिलावट करने वाले अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महामिलावट कर रहे हैं। अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ये पाकिस्तान के साथ मिलकर महामिलावट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का खात्मा सिर्फ मोदी नहीं बल्कि सवा सौ करोड़ देशवासी कर सकते हैं। ये ताकत हिंदुस्तान में है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक नेता ने आज सुबह ही पुलवामा हमले को दुर्घटना करार दिया है। पूरे देश को लगता है कि हमारे सैनिकों ने सही किया, पूरी दुनिया ने कह दिया कि आतंकवाद के खिलाफ यही रास्ता था, लेकिन देश के कुछ लोगों को ऐसा नहीं लगता है।
बता दें कि पहले तय किए गए कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री 15 फरवरी को इटारसी और 16 फरवरी को धार में सभाओं को संबोधित करने वाले थे। लेकिन जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमले के बाद ये कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे।
गौरतलब है कि सूबे में गत नवंबर में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में भाजपा की 15 साल पुरानी सत्ता चली गयी थी और विजयी कांग्रेस इतने ही बरस बाद सत्ता में लौटी थी। भाजपा की इस चुनावी हार के बाद धार में मोदी की मंगलवार को होने वाली रैली को सियासी लिहाज से अहम आंका जा रहा है। प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। वर्ष 2014 के पिछले चुनावों में भाजपा ने इनमें से 26 सीटें जीती थीं, जबकि शेष तीन सीटें कांग्रेस की झोली में गयी थीं।

