जयपुर:भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने देश की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाली स्वतंत्र क्रिकेट लीग ‘द फेरिट क्रिकेट बैश’ (एफसीबी) की शुरूआत की है। इस अवसर पर एफसीबी के सहसंस्थापक जहीर खान ने पत्रकारों को बताया कि इसके लिए पंजीकरण कराने वाले पन्द्रह वर्ष से अधिक के युवाओं को क्रिकेट खेलने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस लीग के लिए जल्द ही युवा क्रिकेटरों का ट्रायल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान टीमें बनाई जाएंगी। जिसमें करीब छह महीने का समय लग सकता है। इसके बाद मैच कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह एक नई सोच है और इसके तहत क्रिकेट खेलने से वंचित प्रतिभा को आगे आने का मौका मिलेगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर देंगे प्रशिक्षण
जहीर ने कहा कि इसका मकसद क्रिकेट छोड़ चुके तथा क्रिकेट खेलने के उत्सुक उन लोगों को आगे लाने का प्रयास होगा जिन्हें मंच नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि इस अनूठी लीग के माध्यम से महत्वाकांक्षी खिलाड़ियों के कौशल का विस्तार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को तराशने में उनकी मदद के लिए प्रसिद्ध क्रिकेट स्टार क्रिस गेल, मुथैया मुरलीधरन, प्रवीण कुमार तथा अन्य खिलाड़ी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए मौजूद रहेंगे। इस दौरान कई सत्र आयोजित किए जाएंगे। एफसीबी के संस्थापक जसमीत भाटिया ने बताया कि इसके लिए पंजीयन शुल्क 499 रुपए रखा गया है। जिसमें पचास प्रतिशत कैश बैक की सुविधा हैं।
हर राज्य से चुने जाएंगे क्रिकेटर्स
भाटिया ने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह में इसके लिए प्रशिक्षण शुरु कर दिए जाएंगे और हर राज्य से 14 से 16 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन का आधार खिलाड़ी का खेल ही होगा और अच्छा खेलने वाले हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह ऐसा मंच साबित होगा जो देश का युवा अपना काम करते हुए भी क्रिकेट खेलकर अपनी प्रतिभा दिखा सकेगा। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि भविष्य में क्रिकेट अकादमी पर भी बल दिया जाएगा।

