नई दिल्ली:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोकसभा चुनाव-2019 में सपा-बसपा गठबंधन की जीत का माहौल बनाने में जुट जाएं। जो भी प्रत्याशी घोषित हो उसका पूरी निष्ठा और एकजुटता से समर्थन और सहयोग करें।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को यह बात सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से कही। उन्होंने कहा है कि हमें हर बूथ पर संघर्ष करना है। हर बूथ पर जीत हासिल करनी है। भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है। समाज में फूट डालने और समाज में जहर फैलाने में उसको महारत हासिल है। लोगों को बहकाने और भटकाने की कला में वह दक्ष है। हर समाजवादी कार्यकर्ता को भाजपा की साजिशों के खिलाफ लोगों को जागरूक करना है और जनता के बीच भाजपा का पर्दाफाश भी करना है।
भाजपा ने देश को बर्बाद कर दिया है। किसान बेहाल हैं। उसका न तो कर्ज माफ हुआ है और नहीं उसकी आय दोगनी हुई है। पांच साल के अंदर 50 हजार से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। नौजवानों के लिए दो करोड़ नौकरियां देने का भाजपा का वादा कोरा वादा ही साबित हुआ है। नौजवानों के लिए नौकरियों के रास्ते बंद हो गए हैं। नोटबंदी और जीएसटी से व्यापार चौपट है। कई उद्योग बंद हो गए हैं। बेकारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

