गोवा। भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2026 में बिहार की फिल्म निर्माण संभावनाओं और राज्य की फिल्म नीति को लेकर आयोजित विशेष चर्चा में निर्माता तनाया अडारकर प्रभु ने बिहार में फिल्म शूटिंग के अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर उनकी फिल्म ‘रजनी की बारात’ को Film Bazaar में Special Mention मिलने की उपलब्धि भी चर्चा का विषय रही। इसके साथ ही बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम द्वारा फिल्म को लेकर सब्सिडी की आधिकारिक घोषणा ने इस उपलब्धि को एक और महत्वपूर्ण आयाम दिया है।
IFFI के दौरान आयोजित ‘Policy to Picture: Bihar’s Cinematic Rise’ विषय पर पैनल चर्चा में तनाया अडारकर प्रभु ने बताया कि बिहार में फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध प्रतिभा, खूबसूरत लोकेशन और प्रशासनिक सहयोग ने उनके प्रोडक्शन अनुभव को काफी सहज बनाया। उन्होंने विशेष रूप से राज्य में शूटिंग की अनुमति की ऑनलाइन प्रक्रिया की सराहना की, जिसके माध्यम से कुछ ही मिनटों में आवश्यक अनुमति प्राप्त हो गई।
तनाया अडारकर प्रभु ने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उनकी फिल्म की शूटिंग में राज्य के स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान प्रशासन की ओर से जिस तरह का सहयोग मिला, उसने निर्धारित समय में फिल्म का काम पूरा करने में अहम भूमिका निभाई।
Film Bazaar में ‘रजनी की बारात’ को मिला Special Mention
फिल्म ‘रजनी की बारात’ को Film Bazaar में Special Mention मिलना फिल्म की टीम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान फिल्म की रचनात्मक यात्रा और उसके प्रति फिल्म जगत की दिलचस्पी को रेखांकित करता है। वहीं, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की ओर से फिल्म के लिए सब्सिडी की आधिकारिक घोषणा राज्य की फिल्म नीति के अंतर्गत क्षेत्रीय फिल्म निर्माण को मिल रहे प्रोत्साहन को भी दर्शाती है।
निर्माता तनाया अडारकर प्रभु और तेज अडारकर का संयुक्त बयान:
“‘रजनी की बारात’ हमारे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक विशेष रचनात्मक यात्रा है। Film Bazaar में फिल्म को Special Mention मिलना हमारी पूरी टीम के लिए बेहद उत्साहजनक है। बिहार में शूटिंग के दौरान हमें जिस तरह का प्रशासनिक सहयोग, स्थानीय प्रतिभाओं का साथ और बेहतरीन लोकेशन मिले, उन्होंने हमारे अनुभव को यादगार बनाया। बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम द्वारा फिल्म की सब्सिडी की आधिकारिक घोषणा हमारे लिए एक और महत्वपूर्ण प्रोत्साहन है। हम बिहार में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं देखते हैं और भविष्य में भी राज्य के साथ अपना जुड़ाव बनाए रखना चाहेंगे।”
बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की फिल्म नीति के तहत राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। नीति के अनुसार, बिहार में कम से कम 50 प्रतिशत शूटिंग करने वाली फिल्मों को स्थानीय भाषाओं की फिल्मों के लिए 50 प्रतिशत और अन्य भाषाओं की फिल्मों के लिए 25 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त, बिहार के स्थानीय कलाकारों को फिल्म में अवसर देने पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान का भी प्रावधान है।
इस संबंध में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी सब्सिडी की घोषणा साझा की गई है।
IFFI में हुई इस चर्चा ने एक बार फिर यह रेखांकित किया कि बेहतर फिल्म नीति, सरल अनुमति प्रक्रिया, स्थानीय प्रतिभाओं की भागीदारी और प्रशासनिक सहयोग के जरिए बिहार राष्ट्रीय फिल्म निर्माण के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

