बस्ती। स्कूल में बच्चों को पढ़ाने वाली मैडम खुद ही इश्क के ऐसे पाठ में उलझ गईं कि मामला थाने तक पहुंच गया। कप्तानगंज क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में नर्सरी की शिक्षिका अपने ही स्कूल के प्रबंधक के 15 वर्षीय बेटे के साथ अचानक गायब हो गईं। दोनों की तलाश शुरू हुई तो कहानी का लोकेशन लखनऊ में मिला। इसके बाद पुलिस की टीम ने देर रात दोनों को खोज निकाला। मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि शिक्षिका की उम्र 26 वर्ष बताई जा रही है, जबकि उनके साथ गया 11वीं का छात्र महज 15 साल का है। छात्र के पिता यानि विद्यालय प्रबंधक ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर शिक्षिका पर बेटे को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। इसी आधार पर पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की। बताया जा रहा है कि विद्यालय में रोजाना आने-जाने के दौरान शिक्षिका और छात्र के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दोनों के अचानक लापता होने की सूचना पर पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली तो लोकेशन लखनऊ में मिली। इसके बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव की टीम वहां रवाना हुई और देर रात दोनों को बरामद कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिक्षिका ने छात्र के प्रति प्रेम होने और उसके साथ लखनऊ घूमने जाने की बात स्वीकार की है। हालांकि, मामले में आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया और जांच के आधार पर की जाएगी। उधर, नाबालिग छात्र को न्याय पीठ बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। मेडिकल परीक्षण और काउंसिलिंग की प्रक्रिया के बाद उसे परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी श्यामकांत के मुताबिक, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम सक्रिय की गई थी। दोनों सकुशल मिल गए हैं और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
