नई दिल्ली:दिल्ली में सोमवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश संग तेज हवा चली। इस वजह से जहां रविवार की तुलना में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने सोमवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 346 दर्ज किया है, जो रविवार को दर्ज सूचकांक 404 से 58 नीचे है।
पालम में सोमवार को सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार पालम में 2.8 मिमि बारिश दर्ज की गई है, जबकि इसके बाद सफदरजंग में 1.2 मिमि बारिश सोमवार को हुई है। वहीं सोमवार को हवा की गति 25 से 30 किलोमीटर के बीच रही है। मंगलवार को भी इसी गति से हवा चलने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 6 डिग्री तक गिरा
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने जहां बारिश से पहले रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री दर्ज किया था, जो सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने व बारिश की वजह से 22.6 डिग्री दर्ज किया गया है। हालांकि सोमवार को दर्ज अधिकतम तापमान जनवरी में रहने वाले सामान्य तापमान में से 2 डिग्री अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी अधिकतम तापमान 19 डिग्री तक बना रह सकता है।
मंगलवार, बुधवार व शुक्रवार को भी बारिश
दिल्ली में मंगलवार व बुधवार को भी बारिश होगी। मौसम विभाग की तरफ से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को सामान्यत आसमान में बादल छाए रहेंगे। जबकि हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवा भी चलेगी। वहीं बुधवार को मौसम विभाग ने बेहद हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है, साथ ही बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। जबकि गुरुवार सुबह हल्की धुंध रहने के साथ दिन भर बादल रहने के अनुमान मौसम विभाग ने जताएं हैं। वहीं शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश हो सकती है।
गणतंत्र दिवस पर आसमान में बादल छाए रहेंगे
26 जनवरी गणतंत्र दिवस के दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही मौसम विभाग ने बेहद हल्की बुंदाबादी होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन अधिकतम तापमान 19 डिग्री रह सकता है,जो सामान्य से एक डिग्री रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रह सकता है, जो जनवरी में दर्ज किए जाने वाले सामान्य तापमान के बराबर होगा। वहीं मौसम विभाग ने रविवार सुबह धुंध रहने के साथ ही आसमान में बादल छाए रहने के पूर्वानुमान जताएं हैं।
बारिश से दिल्ली की हवा में सुधार होगा
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में आने वाले दिनों में और सुधार देखने को मिलेगा। सफर के अनुसार सोमवार को हवा की गति बेहतर रहने की वजह से वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी से नीचे जाकर बेहद खराब की श्रेणी में दर्ज की गई है। बुधवार तक गुणवत्ता में और सुधार हो सकता है और वायु गुणवत्ता के स्तर में सुधार हो कर वह बेहद खराब से खराब की श्रेणी में दर्ज की जा सकती है।

