रहस्य, रोमांच और हॉरर के शौकीन दर्शकों के लिए फिल्म ‘झाड़-फूंक’ जिओ हॉटस्टार पर रिलीज हो गई है। निर्देशक राजन रामगोपाल वर्मा की इस सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर में डर, अंधविश्वास, रहस्यमयी घटनाओं और अप्रत्याशित मोड़ों का दिलचस्प मेल देखने को मिलता है। फिल्म की ओटीटी रिलीज के साथ ही मेकर्स ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के लिए इसका एक नया ट्रेलर भी जारी किया है, जो फिल्म की रहस्यमयी दुनिया और कहानी के रोमांचक पहलुओं की झलक पेश करता है।
नीव एंटरटेनमेंट इंडिया के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राजन रामगोपाल वर्मा ने किया है। फिल्म के निर्माता शैलेश परिहार और सह-निर्माता वृंदा ब्रह्मभट्ट हैं। फिल्म में यशपाल शर्मा, पद्मिनी कोल्हापुरे, सुम्बुल तौकीर खान, हर्ष राजपूत और अप्रतिम सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी उत्तराखंड की पहाड़ियों में घटने वाली कुछ रहस्यमयी घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। एक सड़क दुर्घटना के बाद गर्भवती आस्था की जिंदगी अचानक बदल जाती है। उसे एक अनजान घर में शरण मिलती है, जहां रहने वाला परिवार पहली नजर में काफी मददगार दिखाई देता है। लेकिन धीरे-धीरे वहां होने वाली अजीबोगरीब घटनाएं और एक रहस्यमयी महिला की मौजूदगी उसके लिए डर का कारण बन जाती हैं। अपने साथी के लापता होने और अपने होने वाले बच्चे की सुरक्षा की चिंता के बीच आस्था एक ऐसे रहस्य में उलझ जाती है, जहां हर चेहरा और हर घटना संदेह पैदा करती है। फिल्म की कहानी दर्शकों को अंत तक कई सवालों के बीच उलझाए रखती है।
फिल्म को लेकर निर्देशक राजन रामगोपाल वर्मा कहते हैं, “झाड़-फूंक के जरिए हमारा प्रयास दर्शकों को हॉरर और सुपरनैचुरल थ्रिलर की एक ऐसी दुनिया में ले जाने का रहा है, जहां डर सिर्फ खौफनाक दृश्यों तक सीमित न रहे, बल्कि कहानी के रहस्य और किरदारों के साथ आगे बढ़ता रहे। इस फिल्म में हमने सस्पेंस, अंधविश्वास और इंसानी डर को एक साथ जोड़ने की कोशिश की है। यशपाल शर्मा, पद्मिनी कोल्हापुरे, सुम्बुल तौकीर खान और हर्ष राजपूत जैसे कलाकारों ने अपने किरदारों को जिस तरह निभाया है, उससे कहानी का प्रभाव और बढ़ा है। मुझे उम्मीद है कि जिओ हॉटस्टार पर रिलीज हुई यह फिल्म दर्शकों को एक रोमांचक अनुभव देगी।” अभिनेता यशपाल शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “झाड़-फूंक मेरे लिए एक दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण फिल्म रही है। मेरे किरदार में कई परतें हैं और यही बात इसे निभाने के लिहाज से खास बनाती है। एक कलाकार के तौर पर मुझे ऐसे किरदार पसंद हैं, जिनमें दर्शकों को हर पल कुछ नया महसूस हो और वे उसके बारे में सोचने पर मजबूर हों। राजन रामगोपाल वर्मा के साथ काम करने का अनुभव अच्छा रहा। फिल्म की कहानी और इसका सस्पेंस दर्शकों को बांधे रखेगा। मुझे खुशी है कि अब यह फिल्म जिओ हॉटस्टार के माध्यम से देशभर के दर्शकों तक पहुंच रही है।”
सुम्बुल तौकीर खान फिल्म में आस्था के केंद्रीय किरदार में हैं। एक गर्भवती महिला के रूप में डर, असुरक्षा, मानसिक तनाव और अपने बच्चे को बचाने की जद्दोजहद को पर्दे पर उतारना उनके लिए एक चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा है। वहीं, यशपाल शर्मा और पद्मिनी कोल्हापुरे जैसे अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी फिल्म के किरदारों और कहानी को मजबूती देती है। हर्ष राजपूत और अप्रतिम सिंह भी अपनी अहम भूमिकाओं के जरिए कहानी का हिस्सा हैं। हॉरर और थ्रिलर फिल्मों को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘झाड़-फूंक’ एक दिलचस्प ओटीटी पेशकश है। फिल्म अब जिओ हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।
रहस्य, रोमांच और हॉरर से भरपूर फिल्म ‘झाड़-फूंक’ जिओ हॉटस्टार पर रिलीज, मेकर्स ने जारी किया नया ट्रेलर
Highlights
- यशपाल शर्मा, सुम्बुल तौकीर खान और पद्मिनी कोल्हापुरे स्टारर फिल्म में हॉरर और सस्पेंस का दिलचस्प मेल

