मुंबई। संत मीराबाई की भक्ति और संगीत को समर्पित VS Nation द्वारा आयोजित संगीतमय कार्यक्रम ‘मीरा सा दीवाना कोई नहीं’ शानदार ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 10 नए गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं, सेलिब्रिटी सिंगर रचना चोपड़ा, समरजीत रंधावा और गिरिजा शर्मा ने मीराबाई के भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ लीजेंड गीतकार सुधाकर शर्मा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद डॉ. नीता श्रीवास्तव ने संत मीराबाई की जीवनगाथा सुनाकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। मीराबाई की कहानी के साथ-साथ भजनों की अविरल धारा बहती रही और दर्शक भक्ति के रंग में सराबोर होते रहे। इस अवसर पर कोरियोग्राफर दीपा देव बनर्जी की नृत्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में सुधाकर शर्मा, रचना चोपड़ा, समरजीत रंधावा, गिरिजा शर्मा, अरविंद वाघेला, बबलू ठाकुर और हीना मिस्त्री सहित कई जानी-मानी हस्तियां विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक वंदना असवानी सहायक अलका भार्गव,व विशाल रासकर ने जहां कड़ी मेहनत की वही सभी गायकों ने भी अच्छा प्रयास किया।
दविन्द्र खन्ना का नया मीरा भजन रिलीज
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण दविन्द्र खन्ना द्वारा लिखित एवं निर्मित नए भजन ‘मीरा सा दीवाना कोई नहीं’ का विमोचन रहा। इस भजन को हाल ही में लोकप्रिय गायिका अलका याज्ञनिक के स्टूडियो AB Sound में रिकॉर्ड किया गया। प्रसिद्ध गायिका रचना चोपड़ा ने अपनी मधुर और जोशीली आवाज में इस भजन को गाने के साथ इसका संगीत भी तैयार किया है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान दविन्द्र खन्ना ने बताया कि यह भजन आज उनके YouTube चैनल Mangal Kirtan Music पर रिलीज किया गया है। जल्द ही इसे सभी प्रमुख ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि इस भजन का म्यूजिक वीडियो बनाने की तैयारी भी चल रही है। वीडियो में संत मीराबाई के चरित्र को जीवंत करने के लिए एक नई अभिनेत्री की तलाश की जा रही है। भक्ति, संगीत और नृत्य से सजे इस आयोजन ने संत मीराबाई की कृष्णभक्ति को संगीत के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने का एक सुंदर प्रयास किया।

