मुंबई। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल ने आचार्य श्री तुलसी कर्तृत्व पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित किया है। इस पुरस्कार के द्वारा प्रतिवर्ष समाज एवं राष्ट्र के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाली किसी विशिष्ट महिला व्यक्तित्व को“आचार्य श्री तुलसी कर्तृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। पुरस्कार समारोह 23 सितंबर 2026, को जैन विश्व भारती लाडनूं (राजस्थान) में आयोजित किया जाएगा। जहां तेरापंथ धर्मसंघ के आचार्य श्री महाश्रमण वर्तमान में विराजित हैं।
महिला मंडल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह पुरस्कार उन महिलाओं के उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्यों को सम्मानित करने का एक प्रयास है, जिन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियाँ अर्जित कर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो। ऐसी प्रतिष्ठित एवं जानी-मानी महिलाओं के कार्यों को प्रोत्साहन एवं सम्मान प्रदान करना इस पुरस्कार का प्रमुख उद्देश्य है।
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की ओर से इस वर्ष भी ऐसे विशिष्ट महिला व्यक्तित्वों से आवेदन/नामांकन आमंत्रित किए जाते हैं, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। महिला मंडल द्वारा इच्छुक महिलाएँ अथवा उनके नाम का प्रस्ताव प्रस्तुत करने वाले व्यक्ति संबंधित महिला के परिचय, उपलब्धियों एवं सामाजिक/राष्ट्रीय योगदान के विवरण सहित मोबाइल नं.:9351572100 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा आचार्य श्री तुलसी कर्तृत्व पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित

