‘खतरों के खिलाड़ी 15′ में ओरी का सफर जितना दर्शकों के लिए चौंकाने वाला रहा है, उतना ही उनके लिए भी। जी हाँ, अपनी ग्लैमरस छवि और बड़े-से-बड़े सोशल मीडिया पर्सोना के लिए पहचाने जाने वाले ओरी ने इस स्टंट-आधारित रियलिटी शो में पूरी तरह अकेले कदम रखा था, और ये हम नहीं बल्कि खुखुंद ओरी कह रहे हैं. शो में लगातार चुनौतियों का सामना करते नज़र आ रहे ओरी ने हाल ही में ये खुलासा किया है कि इस शो के बारे में उन्होंने अपने माता-पिता को भी नहीं बताया था। उन्होंने ये भी कहा कि यह अनुभव सिर्फ स्टंट करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह जानने की एक यात्रा भी रहा कि वह तब कौन बनते हैं, जब उनके पास सहारा लेने के लिए कोई और नहीं होता।
अपने अनुभव के बारे में बताते हुए ओरी ने लिखा है, “प्रिय रोहित जी, मैं इस शो में पूरी तरह अकेला आया था। मैंने अपने माता-पिता को भी नहीं बताया था कि मैं यह शो कर रहा हूं। न कोई रोज़ाना फोन कॉल, न स्टंट्स के बारे में घबराहट भरी बातचीत और न ही घर पर किसी को कोई अपडेट। मैं पूरी तरह एकांत में था और हर स्टंट को शांति और गरिमा के साथ करता रहा। मैं यह देखना चाहता था कि जब न कोई दर्शक हो, न कोई सलाह देने वाला और न ही किसी पर निर्भर होने का विकल्प, तब मैं कैसा इंसान बनता हूं। उस समय मुझे यह भी लगता था कि अगर मैं 5 एपिसोड तक टिक गया तो काफी होगा। फिर 7 एपिसोड आए, फिर 10 और अब… पूरा सीजन लगभग आधा गुजर चुका है।”
गौरतलब है कि ओरी के लिए यह सफर लोगों की उनके बारे में बनी धारणाओं को चुनौती देने का भी माध्यम बन चुका है। अपनी कमज़ोरियों को स्वीकार करते हुए उन्होंने यह भी लिखा है, कि “मुझे पता है कि मैंने शो देखने वाले सभी लोगों को चौंका दिया है, लेकिन मुझसे ज्यादा हैरान कोई नहीं है। यह सब चुपचाप और सिर्फ खुद के भरोसे करना मेरे लिए खुद को यह साबित करने का तरीका था कि मैं वह खोखली और नाज़ुक ‘बार्बी डॉल’ नहीं हूं, जैसा लोग मुझे समझते हैं।”
इसमें दो राय नहीं है कि हर स्टंट और हर चुनौती के साथ ओरी उस छवि से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं, जिससे लोग उन्हें जोड़कर देखते हैं, और अपने दृढ़ और साहसी व्यक्तित्व की एक नई झलक पेश कर रहे हैं। हालांकि मजाकिया अंदाज में उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि वे लगभग हर स्टंट हारे हैं, लेकिन वह इस अनुभव को हार नहीं मानते। उन्होंने लिखा है, “मैंने हर हार को शालीनता के साथ स्वीकार किया है और हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। शायद कोई जीत नहीं मिली, लेकिन यह कभी हार भी नहीं थी और इस बात पर मुझे खुद पर बहुत गर्व है।”
https://www.instagram.com/reel/Dcv7Boxsltp/?igsi=MXF0Nnd3eGtpZ2s0bw==

