- 30 से ज्यादा देशों और 8,000 स्क्रीन्स पर छाने को तैयार ‘जन नेता’
अब काउंटडाउन शुरू हो चुका है! 23 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही ‘जन नेता’, जिसे ‘जना नायकन’ के नाम से भी जाना जाता है, अब सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक ग्लोबल सिनेमाई जश्न बन चुकी है। रिलीज में बस कुछ ही दिन बाकी हैं और फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट अपने चरम पर पहुंच चुकी है। दुनियाभर में लाखों फैंस उस ऐतिहासिक पल का इंतजार कर रहे हैं, जब थलपति विजय आखिरी बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगे और भारतीय सिनेमा के अपने शानदार सफर को एक यादगार अंदाज में अलविदा कहेंगे।
फिल्म की इस मेगा रिलीज और इससे जुड़ी भावनाओं पर बात करते हुए प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण ने खुलासा किया कि टीम कोई कसर नहीं छोड़ रही है, ताकि ‘जन नेता’ दुनियाभर में मौजूद हर थलपति विजय फैन तक पहुंच सके।
प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण ने कहा, “हम फिल्म को बड़े पैमाने पर और 30 से ज्यादा देशों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। हमारा मकसद यही है कि दुनियाभर में जहां कहीं भी थलपति सर के फैंस और ‘जन नेता’ को देखने वाले दर्शक हैं, फिल्म उन सभी तक पहुंचे। हम लगातार थिएटर्स में और स्क्रीन्स जोड़ रहे हैं। फिलहाल भारत के अलावा लगभग सभी बड़े शहरों में फिल्म की मौजूदगी होगी और 30 से ज्यादा देशों में इसे एक बहुत बड़ी ग्लोबल रिलीज मिलने जा रही है। हम दुनियाभर में 7,000 से 8,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर फिल्म को रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।”
इतने बड़े पैमाने पर होने जा रही यह वर्ल्डवाइड रिलीज फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज की कहानी खुद बयां करती है। ‘जन नेता’ भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी थिएट्रिकल रिलीज में से एक बनने की ओर बढ़ रही है। थिएटर मालिक लगातार फिल्म के लिए और स्क्रीन्स जोड़ रहे हैं और एडवांस बुकिंग से भी नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है। ऐसे में ‘जन नेता’ सिर्फ एक फिल्म की रिलीज नहीं, बल्कि विजय के शानदार सिनेमाई सफर का एक ग्लोबल सेलिब्रेशन बनने जा रही है।
एक्टर से मुख्यमंत्री बने विजय के साथ अपने सफर को याद करते हुए नारायण ने उन खूबियों के बारे में भी बात की, जिन्होंने उनके शानदार करियर के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन में भी उनकी एक अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा, “जहां तक मैं विजय सर को जानता हूं और जितना मैंने उनके साथ सफर किया है, उनका वैल्यू सिस्टम हमेशा से बेहद मजबूत रहा है। वह जो भी काम करते हैं, उसमें उनका प्रोफेशनलिज्म, कमिटमेंट और डेडिकेशन साफ नजर आता है। जो लोग उनके प्रशासनिक कामकाज को करीब से देखते हैं, वे उनकी विनम्रता, सादगी और काम करने के तरीके को भी जानते हैं। चाहे सिनेमा हो या अब प्रशासन की जिम्मेदारी, उनका यही अंदाज उन्हें लोगों के और करीब लेकर जाता है। एक इंसान के तौर पर वह आज भी बिल्कुल वैसे ही हैं।”
‘जन नेता’ 23 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

