अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से कई पीढ़ियों को हंसाने वाली और भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों में से एक बनीं अर्चना पूरन सिंह ने ऐसा करियर बनाया है, जो समय की हर कसौटी पर खरा उतरा है। बड़े पर्दे, टेलीविजन या फिर कॉमेडी शोज़, हर जगह उनकी जबरदस्त एनर्जी और उनकी पहचान बन चुकी हंसी ने उन्हें हर घर का जाना-पहचाना चेहरा बना दिया। लेकिन लाइमलाइट में आने से पहले अर्चना की पहचान कुछ और ही थी। वह पढ़ाई में बेहद होशियार थीं और अपने हर टीचर की फेवरेट स्टूडेंट थीं। प्राइम वीडियो के ‘आदर्श बाल विद्यालय’ के प्रीमियर से पहले अर्चना ने अपने स्कूल के दिनों को याद किया और बताया कि उनके टीचर्स को पूरा यकीन था कि वह आगे चलकर सिविल सर्विसेज में जाएंगी। ऐसे में उनका एक्टिंग को करियर बनाना सभी के लिए एक बड़ा सरप्राइज था। एक्टिंग को अपना करियर चुनने के फैसले को याद करते हुए अर्चना पूरन सिंह ने कहा, “मैं हमेशा क्लास में फर्स्ट आती थी और अपने टीचर्स की फेवरेट स्टूडेंट थी। मेरे टीचर्स हमेशा कहते थे, ‘तुम्हें IAS या IFS जॉइन करना चाहिए।’ उस समय अगर कोई पढ़ाई में अच्छा होता था, तो लोग मान लेते थे कि वह इन्हीं करियर में जाएगा। मेरे टीचर्स को भी मुझसे यही उम्मीद थी।”
उन्होंने आगे कहा “जब मैंने उन्हें बताया कि मैं एक्टर बनना चाहती हूं और फिल्म इंडस्ट्री में जा रही हूं, तो वे सच में निराश हो गए थे। उन्हें समझ ही नहीं आया कि मैं इतना अच्छा भविष्य छोड़कर एक्टिंग क्यों चुन रही हूं। मजेदार बात यह है कि मैं उनकी फेवरेट स्टूडेंट भी थी और उन्हें निराश करने वाली भी। आज पीछे मुड़कर देखती हूं, तो यह बात मुझे काफी मजेदार लगती है। लेकिन जिंदगी अपने तरीके से चलती है। एक्टिंग ने मुझे ऐसा करियर दिया, जिसमें मुझे प्यार मिला, लोगों को हंसाने का मौका मिला और ऐसे अनुभव मिले, जिनकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अगर आज मेरे कोई टीचर मुझे देख रहे हों, तो मैं उम्मीद करती हूं कि उन्हें इस बात पर गर्व होगा कि उनकी फेवरेट स्टूडेंट ने अपना रास्ता खुद चुना और वही उसके लिए सही साबित हुआ।”
‘आदर्श बाल विद्यालय’ एक हल्की-फुल्की प्राइम ओरिजिनल सीरीज़ है, जो उम्मीद, हौसले और एकजुटता जैसे विषयों को दिखाती है। कहानी एक ऐसे हेडमास्टर की है, जो हर दिन आने वाली चुनौतियों, सीमित संसाधनों और मुश्किल हालात के बावजूद अपने स्टाफ के साथ मिलकर स्कूल की तस्वीर बदलने की कोशिश करता है। इस सीरीज़ का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है, जबकि इसे बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बनाया और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूस किया है। सात एपिसोड वाली इस कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ को बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नूपुर पाई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने लिखा है। सीरीज़ में के के मेनन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्न बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। ‘आदर्श बाल विद्यालय’ 24 जुलाई को भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर हिंदी में, अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ एक्सक्लूसिव तौर पर स्ट्रीम होगी।
‘टीचर्स कहते थे IAS या IFS बनो’, एक्टिंग चुनने के अपने फैसले पर जानें क्या बोलीं अर्चना पूरन सिंह

