अभिनेत्री हेली शाह ने एक बार फिर अपने फैंस को अपनी फिटनेस जर्नी की झलक दिखाकर प्रेरित कर दिया है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने हाई-एनर्जी वर्कआउट सेशन का एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी मेहनत और फिटनेस के प्रति लगन साफ दिखाई है। हालांकि इस पोस्ट के साथ हेली ने मजेदार कैप्शन लिखा है, “मैंने अपनी दाल-ढोकली कमा ली है” और साथ में मुस्कुराते हुए इमोजी और खाने की तस्वीर भी शेयर की है। उनके इस अंदाज ने यह संदेश दिया है कि एक हेल्दी लाइफस्टाइल में बैलेंस बनाए रखना बेहद जरूरी है।
वीडियो में हेली कई मुश्किल एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं, जिनमें बॉक्स जंप्स, डीप स्क्वैट्स, डंबल्स के साथ वेटेड स्टेप-अप्स, मोबिलिटी ड्रिल्स और स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज शामिल हैं। साथ ही ऑल-ब्लैक वर्कआउट आउटफिट में पूरी तरह फोकस्ड और कॉन्फिडेंट नजर आ रही हेली, हर एक्सरसाइज को पूरी एनर्जी और डेडिकेशन के साथ करती दिखीं। सेट्स के बीच उन्होंने थोड़ी हाइड्रेशन ब्रेक ली और फिर दोबारा अपने वर्कआउट में जुट गईं।
हेली का फिटनेस रूटीन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, एंड्योरेंस, एगिलिटी और फंक्शनल एक्सरसाइज का बेहतरीन मिश्रण नजर आया, जो उनके एक्टिव और हेल्दी लाइफस्टाइल के प्रति कमिटमेंट को दर्शाता है। उनकी एनर्जी देखकर फैंस ने न सिर्फ उनके कमेंट सेक्शन में उनकी जमकर तारीफ की, बल्कि उनकी निरंतरता, मेहनत और फिटनेस जर्नी की सराहना भी की।
हेली के कैप्शन ने खास तौर पर उनके फॉलोअर्स का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित कर लिया है, जहां वे अपनी पसंदीदा कम्फर्ट फूड दाल-ढोकली को “अर्न” करने की बात कहकर यह संदेश दिया है कि फिटनेस का मतलब अपनी पसंदीदा चीजों से दूरी बनाना नहीं, बल्कि सही बैलेंस बनाना है। फिलहाल उनका यह पोस्ट लोगों को प्रेरित कर रहा है कि मेहनत के बाद अपने पसंदीदा खाने का आनंद बिना किसी अपराधबोध के लिया जा सकता है।
हेली शाह लगातार अपनी फिटनेस जर्नी से जुड़ी झलकियां शेयर कर अपने फैंस को प्रेरित करती रही हैं और उनका यह नया वर्कआउट वीडियो भी उसी का हिस्सा है। यह इस बात की याद दिलाता है कि हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए अनुशासन, निरंतरता और संतुलन सबसे ज्यादा जरूरी हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो हेली शाह हाल ही में ‘गुल्लक सीजन 5’ में नजर आई थीं, जहां उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया।
हेली शाह ने इंटेंस वर्कआउट सेशन में बहाया पसीना, बोलीं- ‘ मैंने अपनी दाल-ढोकली कमा ली है’

