बेंगलुरु। जीतो लेडीज विंग बेंगलुरु नॉर्थ द्वारा बेंगलुरु विश्वविद्यालय परिसर में महिलाओं के लिए विशेष ‘साड़ी वॉकाथॉन – पेस एंड पोज़’ तथा योग सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति की पहचान साड़ी को स्वास्थ्य एवं फिटनेस से जोड़ते हुए महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था।
महामंत्री रक्षा छाजेड़ द्वारा स्वागत उद्बोधन एवं सकारात्मक संदेश के साथ नवकार महामंत्र के मंगल उच्चारण से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जीतो लेडीज विंग बेंगलुरु नॉर्थ अध्यक्ष लक्ष्मी बाफना ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा, “साड़ी हमारी संस्कृति की पहचान है और योग स्वस्थ जीवन का सम्मान है। जब परंपरा और स्वास्थ्य साथ चलते हैं, तभी जीवन में खुशियों के रंग खिलते हैं।”
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मैराथन एवं ट्रायथलॉन कोच तथा फीटबेस की कोच किरण बेटागेरी का परिचय सह-संयोजिका सारिका गुंदेचा ने कराया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रमाणित अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षा ध्यान एवं योग प्रशिक्षक रेणु कोठारी का योग एवं फेस योग सत्र रहा जिनका परिचय संयोजिका ममता बांठिया ने प्रस्तुत किया एवं कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजिका एवं सह-संयोजिका द्वारा किया गया।
किरण जी ने नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मीठे खाद्य पदार्थों एवं डालडा से बने खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी तथा सभी प्रतिभागियों को प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट व्यायाम करने का संकल्प दिलाया।
रेणुजी ने फेस योग के माध्यम से चेहरे की प्राकृतिक टोनिंग, रक्त संचार में वृद्धि, त्वचा की प्राकृतिक चमक तथा तनाव से मुक्ति के लाभों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने थायरॉइड, पीसीओडी, पीसीओएस एवं पाइल्स जैसी समस्याओं से बचाव हेतु उपयोगी योगासन एवं व्यायाम का अभ्यास भी कराया।
इस अवसर पर आत्मनिर्भर हाउसहोल्ड बिजनेस मॉडल की एपेक्स कन्वीनर बिंदु रायसोनी ने इस अभिनव पहल की सराहना की। जीतो लेडीज विंग बेंगलुरु नॉर्थ की उपाध्यक्ष सुमन वेदमूथा की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन ने आयोजन को विशेष प्रेरणा प्रदान की।
इस आयोजन में लगभग 75 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अखिलेश बांठिया एवं उनकी टीम के नेतृत्व में लगभग तीन किलोमीटर की ‘जंगल वॉक’ आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली कविता जैन, ज्योति जैन एवं सविता सियाल को विशेष उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण के प्रतीक स्वरूप पौधों में जल अर्पित किया गया। अंत में महामंत्री रक्षा छाजेड़ ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं भारतीय संस्कृति को समर्पित यह आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी एवं यादगार रहा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
साड़ी वॉकाथॉन – ‘पेस एंड पोज़’ के माध्यम से महिलाओं ने दिया स्वास्थ्य और संस्कृति का संदेश

