विक्रमजोत, बस्ती। सुपोषित मिशन बस्ती अभियान के तहत बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) विक्रमजोत बलराम सिंह द्वारा कुपोषण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। बुधवार 24 जून 2026 को अभियान के 12वें दिन सीडीपीओ ने क्षेत्र के अति कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों के घर पहुंचकर उनके माता-पिता से संवाद किया और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर आवश्यक जानकारी दी। अभियान की शुरुआत ग्राम पंचायत विक्रमजोत के अति कुपोषित बच्चे राजन के घर से हुई, जहां सीडीपीओ बलराम सिंह ने बच्चे की माता प्रियंका को गंभीर कुपोषण की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण संबंधी सलाह दी तथा बच्चे को आम, केला और बिस्किट उपलब्ध कराया। इसके बाद बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत में मेडिकल अफसर डॉ. अतुल सिंह द्वारा कराया गया। चिकित्सक ने बच्चे की स्थिति देखते हुए उसे पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) बस्ती के लिए रेफर किया। बच्चे की माता दो दिन बाद उसे एनआरसी में भर्ती कराएंगी। इसके बाद ग्राम पंचायत दुबौली दुबे के अति कुपोषित बच्चे अभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं ग्राम पंचायत वेदपुर (बड़ेरिया) के चार अति कुपोषित बच्चों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें दो बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र बस्ती के लिए रेफर किया गया है।
इन बच्चों के माता-पिता शनिवार को उन्हें एनआरसी लेकर जाएंगे। सीडीपीओ बलराम सिंह ने मुख्य सेविका सरिता सिंह और तनु पांडे के साथ ग्राम पंचायत किनौना के आजादपुर में पहुंचकर आठ कुपोषित बच्चों को ग्राम प्रधान सुखराम एवं उनके प्रतिनिधि रामहकर पांडे द्वारा उपलब्ध कराए गए केला, दूध और आम का वितरण कराया। इस दौरान निदेशालय से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भेजे गए आरओ भी सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए परियोजना स्तर पर वितरित किए गए।सीडीपीओ बलराम सिंह ने बताया कि सुपोषित मिशन बस्ती अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक बस्ती जनपद को पूरी तरह कुपोषण मुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी बस्ती के दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम पंचायत अधिकारियों के माध्यम से कुपोषित बच्चों को पोषण सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं, जिसे जल्द ही और व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। कुपोषण मुक्त बस्ती के संकल्प के साथ विभागीय टीम लगातार गांव-गांव पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की निगरानी कर रही है।
कुपोषण मुक्त बस्ती की ओर कदम, सीडीपीओ बलराम सिंह का 12 दिन से लगातार अभियान जारी

