दुबौला, बस्ती। पचपेड़वा-जलेबीगंज और गनेशपुर-बस्ती मार्ग पर स्थित दुबौला चौराहा क्षेत्र के लोगों और राहगीरों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बना जलभराव अब खत्म होने की उम्मीद जगी है। महत्वपूर्ण मार्गों को जोड़ने वाले इस चौराहे की समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग ने पहल शुरू कर दी है।
दुबौला चौराहा अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह पश्चिम दिशा में गोंडा-बभनान होते हुए पचपेड़वा-जलेबीगंज मार्ग को पूर्व दिशा में बस्ती मुख्यालय से जोड़ता है, जबकि उत्तर-दक्षिण दिशा में टिनिच मार्ग को कप्तानगंज से जोड़ने का कार्य करता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर और वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में यहां जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती थी। हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी जमा हो जाता था, जिससे आवागमन प्रभावित होता था। कई बार राहगीर फिसलकर गिरकर घायल भी हो चुके हैं। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार आवाज उठाई और समाचार पत्रों में भी खबरें प्रकाशित हुईं, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका।
हाल ही में दुबौला चौराहे के जिम्मेदार नागरिकों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। भाजपा हार्दिक मंडल अध्यक्ष लव कुश शुक्ला, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील सिंह, यूपी लाइव टुडे के संपादक राजकुमार पांडेय सहित अन्य संभ्रांत लोगों ने जलभराव की समस्या के समाधान की मांग की। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के अपर अभियंता हरिश्चंद्र त्रिपाठी ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से समस्या की जानकारी ली और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अपर अभियंता ने बताया कि जलभराव की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। इसके लिए सड़क के दोनों तरफ नालियों का निर्माण दोनों तरफ जलभराव के स्थान को ऊंचा कराया जाएगा तथा नालियों के ऊपर ढक्कन भी लगाए जाएंगे, जिससे जल निकासी सुचारु हो सके और राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि लंबे समय से चली आ रही दुबौला चौराहे की जलभराव समस्या का जल्द स्थायी समाधान हो सकेगा।
बारिश में डूबने वाले दुबौला चौराहे को मिलेगी राहत, पीडब्ल्यूडी ने किया निरीक्षण, जल्द होगा कायाकल्प

