नई दिल्ली:आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू केंद्र की भाजपा-नीत एनडीए सरकार के खिलाफ महागठबंधन बनाने के अभियान में विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसके तहत मंगलवार को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। सूत्रों ने बताया कि चंद्रबाबू ने लोकसभा चुनाव से पहले महागठबंधन सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। केजरीवाल यहां आंध्र भवन में शाम में नायडू से मिले। दोनों नेता भाजपा को लोकसभा चुनाव में कड़ी टक्कर देने के लिए विपक्ष की एकजुटता चाहते हैं।
केजरीवाल पिछले साल अक्तूबर में भी नायडू से भी मिले थे और भाजपा सरकार को देश और संविधान के लिए खतरा बताया था तथा विपक्षी पार्टियों के बीच एकता की अपील की थी। इसके बाद, पिछले साल दिसंबर में विपक्षी पार्टियों की एक बैठक नायडू ने बुलाई थी और इसमें केजरीवाल भी शामिल हुए थे।
इससे पहले दिन में नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की। नायडू राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार और नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूख अब्दुल्ला सहित कई अन्य विपक्षी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। एनडीए से अलग होने के बाद से नायडू भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने की कोशिश लगातार कर रहे हैं।
महागठबंधन में शामिल होने के फैसले में कुछ वक्त लगेगा
ओडिशा के मुख्यमंत्री एवं बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने मंगलवार को यहां कहा कि विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल होने के विषय पर फैसला उनकी पार्टी बाद में करेगी, क्योंकि उसे अपने निर्णय को ठोस रूप देने के लिए कुछ वक्त चाहिए।
धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने की मांग को लेकर यहां बीजद के धरना में भाग लेते हुए पटनायक ने आरोप लगाया कि भाजपा ने 2014 के अपने चुनाव घोषणा पत्र में इस बारे में वादा करने के बावजूद इस मांग की अनदेखी की। महागठबंधन में शामिल होने के बारे में उनकी पार्टी का रूख पूछे जाने पर पटनायक ने कहा, हमें कुछ वक्त लगेगा और इस बारे में विचार करेंगे।

