बस्ती:- थाना क्षेत्र के मुसहा बरहपेड़ा गांव निवासी गोपालाचार्य पाठक से नौकरी दिलाने के नाम पर 87 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित गोपालाचार्य पाठक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हाल मुकाम जगतपुर पानी टंकी, थाना जगतपुर, जनपद बरेली निवासी सद्दाम और आसिफ ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे और उनके साथियों संदीप, सत्येन्द्र मिश्र तथा वैभव से कुल 87 हजार रुपये ठग लिए। यह रकम 10 अक्टूबर 2025 को ली गई थी।
ढाई महीने बीत जाने के बाद भी न तो आरोपियों ने नौकरी दिलाई और न ही पैसे वापस किए। जब रुपये वापस मांगने पर दबाव बनाया गया तो आरोपियों ने जान-माल की धमकी देनी शुरू कर दी।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सद्दाम और आसिफ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
