राजकुमार गौतम, रुधौली, बस्ती (उ० प्र०)। समाजवादी पार्टी की रूधौली विधानसभा क्षेत्र 309 की मासिक बैठक भानपुर स्थित पार्टी कार्यालय में उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। इस बैठक में संगठन को और मजबूत करने, जन-जन तक समाजवादी पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने, तथा आगामी जिला पंचायत चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी के मूलमंत्र “पीड़ित, दुखी, अपमानित” (पी०डी०ए०) व्यक्तियों को न्याय दिलाने और उन्हें पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही समाजवादी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे 108 एम्बुलेंस सेवा, 100 नंबर पुलिस हेल्पलाइन, समाजवादी पेंशन योजना, गन्ना किसानों के भुगतान, और गन्ना मूल्य में प्रतिवर्ष वृद्धि जैसे जनहितकारी कदमों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ताओं ने इन योजनाओं को जन-जन तक प्रचारित करने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में रूधौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी उपस्थित रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से ही गरीब, किसान, और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद उमर साहब ने की, जबकि संचालन विधानसभा महासचिव रामतीरथ यादव ने किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव सहित सैकड़ों की संख्या में विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी जिला पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने और संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी ने मिलकर समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समाजवादी पार्टी का रूधौली विधानसभा क्षेत्र 309 में मासिक बैठक संपन्न

