महावतार नरसिम्हा जैसी बड़ी माइथोलॉजिकल फिल्म बना रहे डायरेक्टर अश्विन कुमार ने कहा है कि नई पीढ़ी में शास्त्रों की पढ़ाई और भारतीय दर्शन की परंपरा को फिर से जगाना जरूरी है। फिल्म को लेकर बात करते हुए कुमार ने कहा कि आज की पढ़ाई-लिखाई से बच्चे अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं। कुमार ने कहा, “भारत जब से गुलाम हुआ, तब से हमारे मन भी गुलामी में चले गए हैं, और इसे खत्म करने के लिए हमें शास्त्रों की पढ़ाई को फिर से शुरू करना होगा, चाहे वो पुराने गुरुकुल सिस्टम के बिना ही क्यों न हो।” उन्होंने आगे कहा, “आज की पीढ़ी को हमारे दर्शन, सोच, कहानियां और धर्मग्रंथों के विषय स्कूलों में जरूर पढ़ाए जाने चाहिए। आज के माता-पिता व्यस्त रहते हैं और बच्चे इन बातों से अनजान रह जाते हैं, जिससे उनके मन में भ्रम पैदा होता है या वे अपने ही धर्म से दूर हो जाते हैं, यहां तक कि कभी-कभी उसे लेकर शर्म महसूस करते हैं।”
महावतार नरसिम्हा सिर्फ भगवान विष्णु के चौथे अवतार की कहानी नहीं है, बल्कि हिंदू धर्म की आस्था और सोच को दिखाने वाली एक कोशिश है। कुमार को उम्मीद है कि यह फिल्म आज के युवाओं को भारत के पुराने ग्रंथों में छिपे ज्ञान से फिर से जोड़ने का जरिया बनेगी। उन्होंने कहा, “अगर बच्चों को सही तरीके से सिखाया जाए तो उनमें हमारी संस्कृति और परंपरा को लेकर गर्व अपने आप आ जाएगा। हमारा महावतार नरसिम्हा इसी परंपरा का हिस्सा है, ये हमारे शास्त्रों और धर्म को सम्मान देने और फिर से लोगों के बीच लाने की कोशिश है।” उन्होंने आगे कहा, “हमारे भगवान असली हीरो हैं, और जब हम उनकी कहानियां युवाओं के मन में बसाते हैं तो इससे उन्हें गर्व, समझ, साफ सोच और अंदरूनी शांति मिलती है, जो हमारे पवित्र ग्रंथों से आती है।” होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शन्स ने मिलकर इस ग्रैंड एनिमेटेड फ्रैंचाइज़ी की आधिकारिक लाइनअप जारी कर दी है, जो अगले एक दशक तक भगवान विष्णु के दस दिव्य अवतारों की गाथा बताएगी। इस यूनिवर्स की शुरुआत होगी महावतार नरसिम्हा (2025) से, इसके बाद आएंगे महावतार परशुराम (2027), महावतार रघुनंदन (2029), महावतार द्वारकाधीश (2031), महावतार गोकुलानंद (2033), महावतार कल्कि पार्ट 1 (2035) और महावतार कल्कि पार्ट 2 (2037)। ये यूनिवर्स भारतीय माइथोलॉजी को नई तकनीक और भव्यता के साथ दर्शकों के सामने पेश करेगा। महावतार नरसिम्हा का डायरेक्शन अश्विन कुमार ने किया है, और इसे शिल्पा धवन, कुशल देसाई, और चैतन्य देसाई ने क्लीम प्रोडक्शंस के तहत प्रोड्यूस किया है। होम्बले फिल्म्स के साथ मिलकर, जो अपनी आकर्षक कंटेंट के लिए जानी जाती है, यह पार्टनरशिप अलग अलग एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म्स के जरिए एक सिनेमाई मास्टरपीस पेश करने का लक्ष्य रखती है। इस फिल्म को शानदार विजुअल्स, सांस्कृतिक विविधता, बेहतरीन फिल्म तकनीक, और मजबूत कहानी के साथ, 3ड और पांच भारतीय भाषाओं में 25 जुलाई 2025 को रिलीज़ किया जाएगा।
डायरेक्टर अश्विन कुमार ने फिल्म महावतार नरसिम्हा के बारे में की खुलकर बात, जानें क्या कहा

