नयी दिल्ली। भाजपा सरकार के 11 साल पूर्ण होने पर मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने सरकार पर हमलावर होते हुए विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पहले भारत की अपनी विदेश नीति रही है और हमारी बात दुनिया गंभीरता से सुनती थी लेकिन आज हालात यह है कि पहलगाम आतंकवादी हमले पर दुनिया इस घटना की आलोचना तो करती है लेकिन कोई भारत के साथ खड़ा नहीं हुआ है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल से लेकर डॉ मनमोहन सिंह के कार्यकात तक इस नीति में कभी कोई परिवर्तन नहीं आया, जिसके कारण पूरी दुनिया के लोग भारत की आवाज को गंभीरता से सुनते भी थे और जुड़ते भी थे।
उन्होंने कहा कि आज हालात एकदम बदल गये हैं। हालात यह है कि पहलगाम आतंकवादी हमला हुआ है। इस आतंकवादी घटना की पूरी दुनिया ने आलोचना तो की है लेकिन इस घटना को लेकर कोई देश हमारे साथ खड़ा नहीं हुआ। ऊपर से भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आधे घंटे पहले ट्वीट कर कह दिया था “मैंने सीजफायर करवा दिया है।” श्री ट्रम्प ने इस बात को कई बार कहा, जिसके कारण पूरा देश अपमानित महसूस कर रहा है। इसके पहले भारत ने कभी दूसरे देश की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की थी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव के समय तो खूब बोलते हैं, लेकिन ऐसे समय में वह चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने सवाल किया देश के प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि आखिर उनकी क्या मजबूरी है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के 11 साल- विफलताओं और जन विरोधी नीतियों का शानदार स्मारक हैं। उन्होंने शुरुआत में लोगों को सपने दिखाए और 11 साल पूरे होते-होते सिंदूर उजाड़ने तक पहुंच गए। BJP के नेता इन 11 वर्षों का खूब ढोल पीट रहे हैं, लेकिन अगर देखें कि 11 साल में आपको क्या मिला है तो पाएंगे कि BJP सरकार की सारी योजनाएं विफल हो गई हैं। मोदी जी की पूरी राजनीतिक यात्रा विघटन और विभाजन की रही है। BJP के 11 साल के कार्यकाल में पूरा देश असुरक्षित महसूस कर रहा है, क्योंकि नरेंद्र मोदी कभी कहते हैं कि लोगों की कपड़ों से पहचान हो जाती है, कभी पंचर बनाने वाली बातें करते हैं, कभी श्मशान और कब्रिस्तान की बात करते हैं, आदिवासी-दलितों पर अत्याचार से वह विचलित नहीं होते, लोगों का अपमान करने में उन्हें मजा आता है। BJP के लोग जनता को प्रताड़ित करते हैं, फिर भी किसी के ऊपर कोई कार्रवाई नहीं होती।

