ठाणे। मुंबई की लोकल ट्रेन में सोमवार सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर सीएसएमटी की ओर जा रही ठसाठस भरी फास्ट लोकल ट्रेन से कई यात्री गिर गए, जिसमें से पांच यात्रियों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज यह घटना ऐसे वक्त हुई, जब ज्यादातर लोग कामकाज के पहले दिन ऑफिस के लिए जा रहे थे। सुबह के वक्त मुंबई की लोकल ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है। ट्रेन में भीड़ ज्यादा होने की वजह से यात्री गेट पर लटककर सफर कर रहे थे, तभी अचानक ये हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है। हादसे की जांच शुरू हो गई है। इस घटना से लोकल सेवा भी प्रभावित हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई सीएसटी से लखनऊ जा रही पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री बैग लेकर लटका हुआ था। उसी का बैग लोकल ट्रेन के यात्रियों लगा जिसके बाद उक्त यात्री का बैलेंस बिगड़ गया और इसी वजह से यात्रियों का संतुलन बिगड़ा तथा वे पटरी पर गिर गए। रेल प्रशासन ने लोकल ट्रेन के गार्ड को मुख्यालय बुलाया है। जिससे विधिवत जानकारी हासिल कर आगे की जांच पड़ताल की जा सके।
घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट करते हुए लिखा – दिवा-मुंब्रा स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन से गिरकर कुल 8 यात्रियों की हुई दुर्घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं उन सभी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिजनों के दुःख में सहभागी हैं। घायलों को तुरंत शिवाजी अस्पताल और ठाणे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। स्थानीय प्रशासन लगातार समन्वय में है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों। यह दुर्घटना वास्तव में किस कारण हुई, इसकी जांच रेलवे विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है।
उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस मामले पर संवेदना व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर लिखा – “आज सुबह मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास हुए भीषण हादसे से मैं बहुत दुखी हूँ। यह बहुत दुखद घटना है। इस रूट पर हर सुबह हज़ारों यात्री यात्रा करते हैं। मैं मृतकों के परिवारों के दुख में शामिल हूँ। ठाणे और कलवा के अस्पतालों को घायलों को तुरंत और उचित उपचार देने के निर्देश दिए गए हैं और मैंने खुद भी डॉक्टरों से बात की है। रेलवे ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और इस जांच के ज़रिए जल्द ही दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना का सही कारण पता चल जाएगा।”
महाराष्ट्र के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन से गिरे यात्री, पांच की मौत कई घायल

