मुंबई। ट्रांस एम्प्लॉयमेंट मेला इस साल अपने तीसरे संस्करण के साथ लौट रहा है। यह मेला 18 जून 2025 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन TWEET फाउंडेशन और इनहार्मनी द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। यह कार्यक्रम ट्रांसजेंडर और नॉन-बाइनरी व्यक्तियों के लिए समावेशी रोजगार और आर्थिक न्याय पर राष्ट्रीय स्तर पर संवाद को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
2024 में इस मेले में 227 प्रतिभागी शामिल हुए और 20 से अधिक कंपनियों में 77 से ज्यादा नौकरियों की व्यवस्था की गई—जो कि 2023 की पहली बार की तुलना में लगभग दुगुनी थी। इस साल आयोजकों ने 100 नियुक्तियों का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है, जिसे उद्योग जगत की रणनीतिक भागीदारी और समावेशी कार्यस्थलों के लिए बढ़ती जागरूकता से हासिल किया जाएगा। यह मेला केवल एक नौकरी मेला नहीं है, बल्कि यह बदलाव की एक पहल है—जहां सरकारी और निजी क्षेत्र के नियोक्ता, विशेषज्ञ और समुदाय के नेता मिलकर बाधाएं तोड़ते हैं और टिकाऊ आजीविका के रास्ते खोलते हैं।
TWEET फाउंडेशन की संस्थापक अभीना आहेर ने कहा, “यह मेला सिर्फ नौकरी पाने के लिए नहीं है—यह हमारे देश की आर्थिक व्यवस्था में हमारा न्यायपूर्ण स्थान पाने का प्रयास है। बहुत लंबे समय से ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को उनके कौशल, क्षमताओं और जुझारूपन के बावजूद औपचारिक रोजगार से बाहर रखा गया है। ट्रांस एम्प्लॉयमेंट मेला एक स्पष्ट संदेश देता है कि हमें अब और दरकिनार नहीं किया जा सकता। हमें ऐसे कई मंचों की आवश्यकता है जो केवल दृश्यता ही नहीं, बल्कि सम्मान, अवसर और समानता भी प्रदान करें।”
इनहार्मनी की संस्थापक अनुपमा ईश्वरन ने कहा, “कार्यस्थल पर समावेशन की शुरुआत दरवाजे खोलने से होती है—और ट्रांस एम्प्लॉयमेंट मेला यही करता है। यह उस प्रतिभा और अवसरों के बीच पुल बनाता है जिसे अक्सर नजरअंदाज किया जाता है। यह केवल विविधता का आंकड़ा पूरा करना नहीं है—बल्कि ऐसी कार्यसंस्कृति बनाना है जहाँ हर व्यक्ति को महत्व दिया जाए, पक्षपात को तोड़ा जाए, और ट्रांसजेंडर व नॉन-बाइनरी व्यक्ति अपने असली रूप में आगे बढ़ सकें। इस साल हमें उद्योग क्षेत्र से और गहरे, सार्थक सहयोग की उम्मीद है।”
TWEET फाउंडेशन की सह-संस्थापक माया अवस्थी ने साझा किया, “हर वर्ष का यह मेला इस बात की मजबूत याद दिलाता है कि समावेशन केवल एक सपना नहीं, बल्कि एक क्रियाशील लक्ष्य है। 2023 में 58 और 2024 में 77 नौकरियों के साथ हमने देखा है कि गरिमापूर्ण रोजगार जीवन कैसे बदल सकता है। 2025 के लिए हमारा लक्ष्य साहसिक है लेकिन जरूरी भी—100 नियुक्तियां, 100 लोग जिन्हें सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, उद्देश्य और अपनापन मिलेगा। हम कंपनियों से आग्रह करते हैं कि वे केवल भर्ती करने के लिए नहीं, बल्कि सीखने, पुनः सीखने और नेतृत्व करने के लिए आगे आएं।”
ट्रांस एम्प्लॉयमेंट मेले के तीसरे संस्करण की घोषणा TWEET फाउंडेशन के वार्षिक उत्सव के दौरान की गई, जिसमें 300 से अधिक ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधि, सेलिब्रिटीज, सहयोगी और गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। यह उत्सव समुदाय की एकता, ताकत और साहस की झलक देता है, साथ ही यह भी दर्शाता है कि ऐसे मंच समाज में वास्तविक बदलाव लाने में कितने महत्वपूर्ण हैं।
इस वर्ष के मेले में नौकरी के इंटरव्यू, नेटवर्किंग सत्र, कॉर्पोरेट सेंसिटाइजेशन वर्कशॉप्स, पैनल चर्चा और सामुदायिक कलाकारों की प्रस्तुतियां शामिल होंगी। साथ ही, ट्रांस नेतृत्व वाली वकालत को समर्थन देने वाले नए साझेदारों, उपकरणों और कार्यप्रणालियों का अनावरण भी किया जाएगा।
यह मेला उन ट्रांस उद्यमियों का भी उत्सव है जो विभिन्न उद्योगों में बाधाएं तोड़कर अपने व्यवसाय खड़े कर रहे हैं। उनकी सफलता न केवल प्रतिनिधित्व की नई परिभाषा गढ़ती है, बल्कि ट्रांसजेंडर समुदाय की जुझारूपन, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण भी देती है। इस वर्ष Publicis Sapient प्लेटिनम प्रायोजक के रूप में फिर से जुड़ रहा है, जबकि P&G और Hexaware गोल्ड प्रायोजक हैं।
ट्रांसजेंडर और नॉन-बाइनरी उम्मीदवारों के लिए 100 नौकरियों का लक्ष्य

