मेलबर्न:बॉक्सिंग डे टेस्ट के तीसरे दिन मेजबान ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 151 रनों पर समेटने के बाद भारत ने दूसरी पारी में स्टंप्स तक 27 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 54 रन बना लिए हैं। ऋषभ पंत (6) और मयंक अग्रवाल (28) नाबाद लौटे। देखा जाए तो दूसरी पारी में 5 विकेट गिरने के बाद भी भारतीय टीम मजबूत स्थिति में है, क्योंकि उसके पास 346 रनों की बड़ी बढ़त है। मेजबान को फॉलोऑन खेलने का मौका नहीं देने वाली भारतीय टीम की दूसरी पारी में शुरुआत काफी खराब रही। एक वक्त उसके 4 टॉप ऑर्डर बल्लेबाज सिर्फ 28 रनों के टीम स्कोर पर पविलियन लौट चुके थे। मयंक अग्रवाल ने हालांकि अंत तक एक छोर संभाले रखा।
दूसरी पारी में बड़े स्कोर का सपना सजोए भारतीय टीम को पैट कमिंस ने एक के बाद एक 4 झटके देकर हालत खराब कर दी। भारत को पहला झटका हनुमा विहारी के रूप में लगा। वह 13 रन बनाकर पैट कमिंस की बॉल पर आउट हुए। उनका कैच उस्मान ख्वाजा ने लपका। पैट कमिंस के दूसरी शिकार पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले पुजारा रहे। वह इस पारी में खाता नहीं खोल सके। पुजारा का कैच मार्कस हैरिस ने लपका।
भारत संभालता इससे पहले ही पैट कमिंस ने नए बल्लेबाज कप्तान विराट कोहली को चलता कर दिया। वह बगैर खाता खोले हैरिस के हाथों लपके गए। ये तीनों ही 3 ओवर के अंदर स्कोर 28 रन के टीम स्कोर पर गिरे। स्कोर में 4 रन और जुड़े थे कि कमिंस ने अजिंक्य रहाणे को विकेटकीपर टिम पेन के हाथों कैच करा दिया। रहाणे सिर्फ एक रन बना सके। भारतीय टीम को 5वां झटका जोश हेजलवुड ने दिया। उन्होंने रोहित शर्मा को 5 रनों के निजी स्कोर पर शॉन मार्श के हाथों कैच कराया। हालांकि, इसके बाद नए बल्लेबाज ऋषभ पंत और ओपनर मयंक अग्रवाल ने टीम इंडिया को कोई झटका नहीं लगने दिया।
बुमराह का ‘सिक्सर’, ऑस्ट्रेलिया 151 रन पर ढेर
इससे पहले जसप्रीत बुमराह (15.5 ओवर, 4 मेडल, 33 रन, 6 विकेट) की घातक बोलिंग की बदौलत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की पहली पारी 151 रनों पर समेट दी। बुमराह के अलावा भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने 2 विकेट झटके, जबकि इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी के खाते में एक-एक विकेट गया। मेजबान टीम की ओर से बेस्ट स्कोरर कप्तान टिम पेन और मार्कस हैरिस रहे। इन दोनों ने 22-22 रन की पारी खेली। यहां भारत के पास ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन देने का मौका था, लेकिन मेहमान टीम ने ऐसा न करने का फैसला करते हुए अपनी दूसरी पारी खेलने का निर्णय लिया।
बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत मजबूत, 346 रन की बढ़त

