नई दिल्ली:महेंद्र सिंह धौनी ने फरवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भारतीय टी-20 टीम में वापसी की है, जबकि युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत को वनडे टीम से बाहर कर दिया गया। धौनी की वापसी हैरानी का सबब रही, क्योंकि उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले महीने ही टी-20 टीम से बाहर कर दिया गया था। चयनकर्ताओं ने उस समय यह तर्क दिया था कि उन्हें दूसरे विकेटकीपर की तलाश है। ऐसे में वह ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक को आजमाना चाहते हैं।
37 साल के धौनी के टीम में दोबारा सलेक्शन पर मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने अपना तर्क दिया है। वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज से दूर रहने के बाद धौनी की टीम में वापसी हो गई है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में शामिल कर लिया गया है।
मेलबर्न में धौनी के सलेक्शन पर बात करते हुए एमएसके प्रसाद ने कहा, ”हमने पहले कहा था कि हम धौनी को छह मैचों के लिए रेस्ट दे रहे हैं, ताकि हम दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत को वक्त दिया जा सके। यही वजह थी धौनी को बाहर रखने की और अब इन दोनों ने काफी मैच खेल लिए हैं इसलिए धौनी को टीम में वापस बुला लिया गया है।”
उन्होंने कहा, ”ऋषभ पंत काफी वक्त से खेल रहे हैं, इसलिए इस सीरीज के बाद उन्हें ब्रेक देना चाहते हैं ताकि वह खुद को फ्रेश रख सकें। इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ 5 वनडे मैचों में काफी अच्छा परफॉर्म किया था।”
एमएसके प्रसाद ने कहा, ”और जैसे-जैसे वर्ल्ड कप नजदीक आ रहा है, हमारे पास कुछ ही वनडे मैच बचे हैं। अब हमारे पास एक कोर टीम है, जिसमें 20 सदस्य हैं। सिर्फ इन 20 सदस्यों में से ही वर्ल्ड कप के लिए टीम चुनी जानी हैं।”
महेंद्र सिंह धौनी के चयन को सही ठहराते हुए बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ”अब सिर्फ 8 वनडे मैच खेले जाने हैं तो चयनकर्ता धौनी को विश्व कप से पहले पूरा समय देना चाहते हैं। तीन टी-20 का मतलब है कि अगले एक महीने में वह 11 मैच खेल सकेंगे।”
बता दें कि भारतीय टीम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेल रही है। उसे वहां 12 जनवरी से तीन वनडे मैच खेलने हैं। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेली जाएगी। पांच वनडे मैचों की सीरीज 23 जनवरी से और तीन टी20 मैचों की सीरीज छह फरवरी से शुरू होगी।
टीमें :
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, के एल राहुल, शिखर धवन, अंबाती रायुडू, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धौनी, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, मोहम्मद शमी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की टी20 टीम : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, शिखर धवन, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धौनी, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद।
महेंद्र सिंह धौनी की टीम में वापसी, MSK प्रसाद ने बताई यह वजह

