नई दिल्ली:नौकरी के नाम पर 40 वर्षीय एक महिला को सऊदी अरब में मात्र 35 हजार रुपये में बेचने के संबंध में सीबीआई की स्पेशल क्राइम सेल ने मानव तस्करी का मामला दर्ज किया है। सूत्रों का कहना है कि केरल की रहने वाली महिला किसी तरह से भारत पहुंची और मामले की सीबीआई से जांच कराने के लिए दो साल से संघर्ष कर रही थी।
सूत्रों ने बताया कि मैरी (बदला हुआ नाम) के पति की मौत हो गई थी और वह अपने बेटे के साथ रहती है। एक दिन उसे सजोय नामक व्यक्ति मिला और विदेश में नौकरी दिलाने का प्रस्ताव दिया। सजोय ने कहा कि सऊदी अरब में घरेलू सहायिका का काम करने के एवज में उसे 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। लेकिन विदेश भेजने के एवज में उसे वह 15 हजार रुपये देगी। सजोय 5 अप्रैल 2016 को मैरी से मिला और उसे मुंबई ले गया। मुंबई में उसे एक कमरे में रखा जहां और भी महिलाएं भी थीं। सजोय ने मैरी की मुलाकात मुजीब नामक व्यक्ति से कराई और छह अप्रैल को उसे सऊदी अरब रवाना कर दिया। सऊदी अरब में उसे फदाह अल अरब नामक शख्स के घर रखा गया।
बताया गया कि एक माह रहने के बाद मैरी को वेतन के रूप में 15 हजार रुपये दिये। इस पर उसने वेतन कम देने की बात कही। लेकिन मैरी ने पूर्व निर्धारित वेतन से कम तनख्वाह होने के कारण काम नहीं करने की इच्छा जताई। सूत्रों ने बताया कि फदाह-अल-अरब की मां ने मैरी को बताया कि उसे उन्होंने एक भारतीय एजेंट के माध्यम से 35 हजार रुपये में खरीदा है। इसलिए वह यहां से नहीं जा सकती। इसके बाद से मैरी को शरीरिक प्रताड़ना दी जाने लगी।
कई महीनों के प्रयास से लौटी
मैरी ने भारत में अपने रिश्तेदारों से संपर्क कर बेचे जानी की कहानी बताई। कई माह के प्रयासों के बाद वह भारत लौट सकी। केरल आकर उसने पुलिस को शिकायत दी , पुलिस ने मामला तो दर्ज किया। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद मैरी ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। सीबीआई सूत्रों का कहना है कि 21 दिसंबर 2018 को सीबीआई की स्पेशल क्राइम टीम ने इस संबंध में मानव तस्करी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

