अजमेर: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजनीति एक अलग ही स्तर पर पहुंच चुकी है। चुनाव प्रचार में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा जाति और गोत्र को लेकर है। एक ओर कांग्रेस नेता ने पीएम नरेंद्र मोदी की जाति पर टिपप्णी की, तो बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के गोत्र पर निशाना साधा। राहुल सोमवार को राजस्थान के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने पहले अजमेर जाकर ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाई। इसके बाद वह पुष्कर में जगतपिता ब्रह्मा जी के मंदिर गए। इस दौरान सबसे खास यह रही कि आखिर राहुल गांधी ने अपनी गोत्र का खुलासा कर दिया।
कौल दत्तात्रेय ब्राह्मण हैं राहुल गांधी
पुष्कर में दर्शन करने के दौरान वहां के पुजारी ने कांग्रेस अध्यक्ष से उनका गोत्र पूछा तो उन्होंने तुरंत इसका जवाब दिया। राहुल ने बताया कि वह कौल (कश्मीरी) ब्राह्मण हैं और दत्तात्रेय उनका गोत्र है। इसके बाद पुजारी ने मंदिर में पूजा संपन्न कराई।
बता दें कि राहुल गांधी के मंदिर-मंदिर दर्शन के बाद से बीजेपी लगातार हमलावर होते हुए राहुल से कभी उनके जनेऊधारी होने का प्रमाण मांगती रही, तो कभी गोत्र पूछने लगी। इससे पहले मध्य प्रदेश के चुनावी दौरे के दौरान बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा था, ‘हम राहुल गांधी से पूछना चाहते हैं कि आप जनेऊधारी हैं? आप कैसे जनेऊधारी हैं क्या गोत्र है आपका?’
अजमेर शरीफ में चढ़ाई चादर
हालांकि राहुल सोमवार को पुष्कर के मंदिर के साथ ही अजमेर शरीफ की दरगाह भी पहुंचे थे। यहां उन्होंने चादर चढ़ाकर मन्नत मांगी। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत और सचिन पायलट भी रहे। एक ही दिन दोनों धार्मिक स्थान पर पहुंचकर कांग्रेस राजस्थान के दोनों समुदायों के वोटर्स को संदेश देने का काम कर रही है।
दरगाह और मंदिर गए राहुल, पुष्कर में बताया वह हैं कश्मीरी ब्राह्मण

