भुवनेश्वर:भारतीय हॉकी टीम ने 28 नवंबर से शुरू हो रहे विश्व कप से पहले अभ्यास मैच में रियो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता अर्जेंटीना को 5-0 से हराया। एक नवंबर से अभ्यास शिविर में जुटी भारतीय टीम का यह पहला अभ्यास मैच था। उसके लिए हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल दागा। दूसरा गोल ललित उपाध्याय ने जबकि तीसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर पर ही दिलप्रीत सिंह ने किया। नीलाकांता शर्मा ने चौथा और हार्दिक सिंह ने पांचवां गोल दागा। भारतीय टीम के कोच हरेंद्र सिंह ने मैच के बाद कहा,’हमने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन मुझे खुशी है कि हमने मैच जीता।’
कोच हरेंद्र सिंह ने कहा- अभी भी है सुधार की गुंजाइश
उन्होंने कहा, ‘हमने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए और फील्ड गोल भी दागे। बीच में कुछ मौकों पर कोताही बरती गई जो स्वीकार्य नहीं है। लेकिन कुल मिलाकर प्रदर्शन संतोषजनक रहा।’ उन्होंने कहा कि अभ्यास मैचों से टीम को आत्मविश्वास मिलता है। भारतीय हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिंह ने कहा,’हमने कुछ नये प्रयोग किए जो सफल रहे। मिडफील्डरों ने स्ट्राइकरों के लिए मौके बनाए और नए खिलाड़ियों ने गोल दागे, जो अच्छा संकेत है। मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय हॉकी टीम दूसरा अभ्यास मैच रविवार को स्पेन से खेलेगी। गौरतलब है कि स्पेन हॉकी टीम के कोच फ्रेडरिक सोयेज ने भारतीय टीम को इस बार विश्व कप का प्रबल दावेदार बताया है।
भारत विश्व कप हाकी के प्रबल दावेदारों में:स्पेनिश कोच
स्पेन के मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज का मानना है कि विश्व कप में सात से अधिक टीमें खिताब के प्रबल दावेदारों में होंगी लेकिन मेजबान भारत का दावा सबसे प्रबल होगा। दुनिया की 8वें नंबर की टीम स्पेन शुक्रवार को भारत पहुंची। विश्व कप 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक भुवनेश्वर के कलिंगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेला जाना है। सोयेज ने कहा,’जर्मनी, नीदरलैंड्स, बेल्जियम, आॅस्ट्रेलिया और भारत खिताब के प्रबल दावेदार हैं। हमारी तैयारी काफी अच्छी है। हम पहले मैच पर फोकस कर रहे हैं। हमने पिछले साल भुवनेश्वर में खेला था और माहौल जबर्दस्त होता है।’ चीन की टीम भी सुबह यहां पहुंच गई जबकि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड देर रात पहुंचेंगे।
भारत ने अभ्यास मैच में अर्जेंटीना को 5-0 से हराया

