मेलबर्न: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच मेलबर्न में खेला जा रहा है। दूसरे टी-20 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाए। इसके बाद बारिश की वजह से मैच को रोक दिया गया। फिर डकवर्थ लुइस नियम के आधार पर भारत को जीत के लिए 137 रन का लक्ष्य मिला। दूसरी बार फिर से भारत का लक्ष्य संशोधित किया गया और उसे जीत के लिए 11 ओवर में 90 रन का लक्ष्य दिया गया। लगातार हो रही बारिश की वजह से भारत को लक्ष्य को तीसरी बार संशोधित किया गया और उसे जीत के लिए 5 ओवर में 46 रन का लक्ष्य मिला।
भारतीय गेंदबाजों का घातक गेंदबाजी
भारत को पहली सफलता के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा, तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच को विकेटकीपर रिषभ पंत के हाथों कैच आउट करवाया, फिंच अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
इसके बाद खलील अहमद ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया, इस तेज गेंदबाज ने खतरनाक बल्लेबाज क्रिस लिन को 13 रन के स्कोर पर क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच आउट करवाया। खलील ने डार्सी शॉर्ट को क्लीन बोल्ड कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई, शॉर्ट केवल 14 रन ही बना सके। जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया, इस तेज गेंदबाज ने मार्कस स्टोइनिस को केवल 4 रन के स्कोर पर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट करवाया।
आखिरकार क्रुणाल पांड्या को भी विकेट मिला, वह भी मैक्सवेल जैसे खतरनाक बल्लेबाज का। क्रुणाल की शानदार गेंद और मैक्सवेल पूरी तरह बीट होकर क्लीन बोल्ड हो गए। मैक्सवेल केवल 19 रन ही बना पाए। इसके बाद कुलदीप ने एलेक्स कैरी को 4 रन के स्कोर पर क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच आउट करवा ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका दिया। कूल्टर नाइल को भुवी ने अपनी गेंद पर कैच आउट करवाया। उन्होंने नौ गेंदों पर 18 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टाय 12 रन जबकि मैक्डर्मट 32 रन बनाकर नाबाद रहे।
पहली पारी में भारत की तरफ से भुवी व खलील अहमद ने दो-दो जबकि जसप्रीत, कुलदीप व कृणाल पांड्या ने एक-एक विकेट लिए।
दूसरा टी20 मैच रद,1-0 से आगे ऑस्ट्रेलिया

