ब्रिस्बेन:भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की ट्वंटी20 सीरीज के पहले ही मैच में कुलदीप यादव ने अपने नाम एक खास रिकॉर्ड कर लिया। 15 टी20 इंटरनेशनल मैचों के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब कुलदीप यादव के खाते में हो गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन के द गाबा में खेले गए पहले टी20 मैच में कुलदीप ने चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिए।
इस तरह से उनके खाते में कुल 31 टी20 इंटरनेशनल विकेट हो गए हैं। कुलदीप ने इस तरह से श्रीलंकाई स्पिनर अजंता मेंडिस को पीछे छोड़ दिया, जिनके खाते में 15 टी20 इंटरनेशनल मैचों के बाद 29 विकेट दर्ज थे। वहीं भारत के युजवेंद्र चहल इस मामले में तीसरे नंबर पर हैं। चहल ने पहले 15 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 27 विकेट लिए थे।
चौथे नंबर पर तीन गेंदबाज एकसाथ हैं। पाकिस्तान के उमर गुल और अहसान मलिक, न्यूजीलैंड के इश सोढ़ी के खाते में 15 मैचों के बाद 26 टी20 इंटरनेशनल विकेट थे। पांचवें नंबर पर 25 विकेट के साथ दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन हैं। कुलदीप यादव ने 15 मैचों में 12.45 की औसत और 10.74 के स्ट्राइक रेट से 31 विकेट लिए हैं। 24 रन देकर पांच विकेट लेना उनका बेस्ट परफॉर्मेंस रहा है। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 7.02 का रहा है।
15 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुलदीप ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

