नई दिल्ली:केंसर से जूझ रहे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का 59 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने सोमवार को बेंगलुरु में आखिरी सांस ली। अनंत कुमार बेंगलुरु के बासवानागुड़ी में श्री शंकर कैंसर अस्पताल में अपना इलाज करा रहे थे। भाजपा नेता अनंत कुमार साल 1996 से दक्षिणी बेंगलुरु का लोकसभा में प्रतिनिधित्व करते थे। उनके पास दो महत्वपूर्ण मंत्रालय थे और वह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कद्दावर मंत्रियों में से एक थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम बड़े नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री और अपनी कैबिनेट के साथी अनंत कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कुमार एक बेहतरीन नेता थे जो अपने युवा काल में ही सार्वजनिक जीवन में उतर आए थे। उन्होंने पूरी निष्ठा और लगन के साथ समाज की सेवा की। उन्हें उनके अच्छे कार्यों के कारण हमेशा याद किया जाएगा।
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने अनंत कुमार के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि श्री अनंत कुमार हमारे साथ नहीं हैं। उन्होंने भाजपा की लंबे समय तक सेवा की। उनके दिल और दिमाग में बेंगलुरु हमेशा बसा रहा। भगवान उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की ताकत दे।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह जानकर सदमा लगा और बेहद दुख हुआ कि हमारे वरिष्ठ साथी अनंत कुमार जी अब हमारे साथ नहीं रहे। वे एक अनुभवी सांसद थे। उन्होंने कई क्षमताओं में देश की सेवा की। लोगों का कल्याण करने का उनका जज्बा और निष्ठा सराहनीय रही। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद अनंत कुमार के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। एक नेता के रूप में यह बड़ी क्षति है और खासतौर से कर्नाटक के लोगों के लिए एक बड़ी त्रासदी। मेरी उनके परिवार, साथियों और उनसे जुड़े अनगिनत लोगों के साथ संवेदनाएं हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी ने कैबिनेट मंत्री अनंत कुमार के निधन पर कहा है कि मैंने अपना एक सच्चा दोस्त खो दिया है।
अनंत जी एक असाधारण प्रशासक थे जिन्होंने विभिन्न मंत्रिस्तरीय पोर्टफोलियो की सेवा की थी। उनके गुजरने से बीजेपी और भारतीय राजनीति में एक शून्य पैदा हो गया है जिसे जल्द ही भरा नहीं लिया जा सकता है। भगवान इस दुखद हानि को सहन करने के लिए उनके परिवार और सर्मथकों को शक्ति प्रदान करे।
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का बेंगलुरू में निधन, PM मोदी ने जताया शोक

