मुंबई: पायल रोहतगी के एक ट्वीट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। खबर है कि एक्ट्रेस का ट्विटर अकाउंट 7 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
पायल ने दिल्ली एंटी सीएए हिंसा मामले में गिरफ्तार जामिया मिलिया इस्लामिया की एमफिल छात्रा सफूरा जरगर को लेकर लेकर टिप्पणी की थी, जिसके बाद लोगों ने अभिनेत्री को ट्रोल करना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर मचे बवाल के चलते उनका ट्विटर अकाउंट एक हफ्ते के लिए ब्लॉक कर दिया गया है। हालांकि इसी बीच अभिनेत्री पर हुए कार्रवाई के बाद ट्विटर पर #ISupportPayalRohatgi टॉप ट्रेंड करने लगा है। कई यूजर्स उनके समर्थन में उतर आए हैं और करीब 10 हजार ट्वीट्स हो चुके हैं। फैंस उनके एकाउंट को पुनः ठीक करने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि बॉलीवुड अभिनेत्री पायल रोहतगी जो कि ट्विटर पर काफ़ी एक्टिव रहती हैं और समाज से जुड़ीं बातों पर अपना राय रखती हैं। इस कारण से हमेशा पायल रोहतगी को उनके बयानों को लेकर टारगेट किया जाता है। इससे पहले पायल के फ़ेसबुक एकाउंट को भी 2 महीने पहले सस्पेंड किया जा चुका है।
स्पॉटबॉय की रिपोर्ट के अनुसार, पायल के विवादित ट्वीट को लेकर मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। उनके खिलाफ ये शिकायत दर्ज कराने वाले अधिवक्ता अली काशिफ खान का कहना है कि उन्होंने मुस्लिम समुदाय को भावनाओं को आहत की हैं और साथ ही हिन्दुओं को मुसलमानों के खिलाफ भड़का रही हैं।

