दिनेश कुमार, मुंबई। फिल्म “मन्नू क्या करेगा?” बड़े पर्दे पर रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म के गाने जारी हो चुके हैं, जिन्हें खूब पसंद किया जा रहा है। फिल्म “मन्नू क्या करेगा?” से नवोदित व्योम और सांची विंद्रा बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं, यानि कि उनकी यह पहली हिन्दी फिल्म है। इंडस्ट्री के दिग्गज़ कलाकार विनय पाठक, कुमुद मिश्रा, राजेश कुमार और चारु शंकर आदि कलाकारों ने इसमें महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं। संगीत ललित पंडित का है, जो पहले से धूम मचा रहे हैं।
क्यूरियस आइज़ सिनेमा के बैनर तले निर्मित इस फिल्म के निर्माता शरद मेहरा हैं तथा निर्देशन संजय त्रिपाठी ने किया है। एक समय गानों के मामले में हिट मशीन कहे जाने वाले ललित पंडित के गीत एक बार फिर पहले के अंदाज़ में दिखाई दे रहे हैं, जबकि सिंगर्स की बात करें तो उदित नारायण, शान और लोकगीतों की स्टार कही जाने वाली मालिनी अवस्थी का लोकगीत फिल्म को नयी ऊंचाइयों पर ले जाती दिख रही है। फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग देहरादून के सुन्दर लोकेशंस पर हुए हैं, जहां पिछले साल दिसंबर महीने में हमें जाने और फिल्म के निर्माता-निर्देशक, स्टार कास्ट सहित क्रू मेंबर्स से मिलने का मौका मिला। यहां इन सभी की मेहनत और समर्पण देखकर कोई भी इनकी तारीफ किये बिना नहीं रह पाया। हम यहां व्योम और सांची सहित निर्देशक संजय त्रिपाठी एवं कलाकारों से रूबरू हुए, और इनसे फिल्म को लेकर काफी बातें की। जिससे पता चला कि यह लोग फिल्म को बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते।
शायद यही वजह है कि फिल्म के गानों के रिलीज के मौके पर एक सवाल के जवाब में शुरुआती दिनों में शाहरुख खान का मार्गदर्शन करने वाले इंडस्ट्री के दिग्गज विवेक वासवानी ने व्योम की तारीफ़ करते हुए कहा, “जब मैं पहली बार शाहरुख से मिला था, तो उनकी आँखों में वही भूख, अनुशासन और जुनून देखा था, जो आज व्योम की आँखों में मुझे दिखाई दे रहा है और यही चीज़ उन्हें खास बनाती है। शाहरुख की तरह व्योम भी बाहरी हैं और उनमें भी खूब मेहनत करने की ताकत के साथ सीखते रहने की विनम्रता भी है। हालांकि मैं दो लोगों की तुलना करना पसंद नहीं करता, लेकिन मैं यह ज़रूर कह सकता हूं कि व्योम के रूप में आज एक नए सितारे ने जन्म ले लिया है।”
अगर बात सांची की करें तो खूबसूरत और बेहद चुलबुली सी दिखने वाली सांची फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नज़र आ रही थी। और अब जब फिल्म रिलीज हो रही है तो बॉक्स ऑफिस पर इसे हिट देखने के लिए और भी अधिक एक्साइटेड है। देहरादून में सांची की विनम्रता और मेहनत के सभी कायल थे। बताना जरूरी है कि फिल्म के ट्रेलर को जहां काफी तारीफ़ें मिल रही है, वहीं ललित पंडित का संगीत पहले से ही धमाल मचा रहा है।
एक शानदार लव स्टोरी और कुछ अलग सी कहानी इस फिल्म की खासियत बताई जा रही है। अब बॉक्स ऑफिस पर फिल्म क्या जादू दिखाती है, यह 12 सितम्बर को पता चलेगा। फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि एक अच्छी फिल्म बनाने के लिए निर्माता, निर्देशक सहित व्योम, सांची व तमाम कलाकारों ने काफी मेहनत और लगन से काम किया है, जिसका परिणाम सकारात्मक आता हुआ दिख रहा है।
12 सितम्बर को रिलीज हो रही फिल्म “मन्नू क्या करेगा?” बॉक्स ऑफिस पर रचेगी इतिहास!
Highlights
- मेकर्स ने इसमें वह सबकुछ डाल दिया है, जो किसी सुपरहिट के लिए जरूरी है!

