By using this site, you agree to the Privacy Policy and Terms of Use.
Accept
सुरभि सलोनीसुरभि सलोनीसुरभि सलोनी
  • National
  • State
  • Social
  • Entertainment
  • Mumbai / Maharashtra
  • Video
  • E-Magazine
Reading: यह महामारी अर्थव्यवस्था पर भारी
Share
Font ResizerAa
सुरभि सलोनीसुरभि सलोनी
Font ResizerAa
  • National
  • State
  • Social
  • Entertainment
  • Mumbai / Maharashtra
  • Video
  • E-Magazine
Search
  • Business
  • entertainment
Have an existing account? Sign In
Follow US
  • Advertise
© 2022 Surabhi Sloni All Rights Reserved.
Articles

यह महामारी अर्थव्यवस्था पर भारी

Last updated: March 12, 2020 4:17 pm
Surabhi Saloni
Share
8 Min Read
SHARE

आलोक जोशी।।

जब पूरी दुनिया राहत की सांस ले रही थी कि कोरोना वायरस का कहर थम रहा है, तब उसने फिर सिर उठाया। रक्तबीज के अंदाज में दुनिया के अलग-अलग देशों में एक के बाद एक मामले सामने आने लगे। पहले चीन, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, सिंगापुर, जापान जैसे आसपास के देशों से खबरें आईं, फिर ईरान और इटली से लेकर कनाडा और अमेरिका तक पहुंच गया यह खतरनाक वायरस। और पिछले चार-छह दिनों में तो भारत के अलग-अलग शहरों से इसके मामले सामने आने लगे।

हालात का अंदाजा इसी बात से लगाइए कि राजधानी दिल्ली के प्राइमरी स्कूलों में छुट्टी का एलान कर दिया गया है। पूरे मार्च महीने के लिए। स्कूलों में छुट्टी कर देना तो फिर भी आसान है, लेकिन दफ्तरों, फैक्टरियों, अस्पतालों, होटलों, रेस्तरां, मेट्रो, बस स्टेशन, बाजार, इन सबका क्या करेंगे? इसी का असर है कि लोग अब हवाई सफर से कतरा रहे हैं। लुफ्थांसा ने डेढ़ सौ से ज्यादा विमान खड़े यानी ग्राउंड कर दिए हैं। भारत में एअर इंडिया, इंडिगो और स्पाइस जेट चीन और हांगकांग की अपनी उड़ानें रद्द कर चुके हैं। विस्तारा टोक्यो की उड़ान के साथ लंबे रूट पर उड़ान की शुरुआत करने जा रहा था, जो अब शायद ठंडे बस्ते में है।

विदेश यात्रा में गिरावट साफ दिख रही है। भारत से थाईलैंड, मलेशिया जैसे देशों में जाने वाले करीब-करीब आधे लोग अपने टिकट व होटल बुकिंग कैंसिल करवा चुके हैं। इटली में वायरस की खबर आने के साथ ही वहां के भी करीब बीस प्रतिशत टिकट रद्द होने की जानकारी मिली है। खुद भारत सरकार ने यह एडवाइजरी जारी की है कि कितने सारे देशों का सफर इस वक्त सुरक्षित नहीं है। आना-जाना, मिलना ही नहीं, आयात-निर्यात और कारोबार भी लगातार मुश्किल होता जा रहा है। मोबाइल फोन कारोबार का सबसे बड़ा मेला मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस इसी वायरस के डर से रद्द कर दिया गया है। यही हाल गेम डेवलपर कॉन्फ्रेंस का भी हुआ। उधर गूगल ने अपने दो बड़े आयोजन क्लाउड नेक्स्ट इवेंट और डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस 2020 रद्द करके अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तक सीमित कर दिए हैं। चीनी मोबाइल कंपनी शाओमी ने भी कह दिया है कि फिलहाल वह कोई भी लॉन्च इवेंट नहीं करेगी।

अनेक टेक्नोलॉजी कंपनियों ने इसी डर से अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम यानी घर से ही काम करने की हिदायत दे दी है। इनमें एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टीसीएस शामिल हैं। विप्रो और कॉग्निजेंट ने टूर पर लगाम कस दी है और कॉग्निजेंट ने तो हैदराबाद में अपना दफ्तर ही कुछ समय के लिए बंद कर दिया है। ऐसी ही खबर दुनिया भर में ट्विटर के दफ्तरों से आ रही है। अमेजन और फ्लिपकार्ट ने भी ऐसा किया है। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा का कहना है कि यह संकट एक तरह से काम करने के पूरे तौर-तरीके को ही बदल सकता है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा है कि यह संकट तो गुजर जाएगा, मगर लगता है कि यह दुनिया को हमेशा के लिए रिसेट कर सकता है। पहला, इससे घर से काम करने के चलन में तेजी आएगी। दूसरा, ज्यादातर कॉन्फ्रेंस वर्चुअल और डिजिटल होने लगेंगी। तीसरा, अब बैठकें कम और वीडियो कॉल ज्यादा होंगी। और चौथा, हवाई सफर कम होगा, जिससे पर्यावरण भी बेहतर रहेगा।

यह आशावाद फिलहाल माहौल को सुधारने में मदद करेगा, यह कहना मुश्किल है। नमूना देखें, होटलों की मांग में कमी का असर। होटल के धंधे की बड़ी कंपनी ओयो दुनिया भर में पांच हजार लोगों की छुट्टी करने जा रही है। और ये बीमारी अभी कहां-कहां फैलेगी, कहना मुश्किल है। हालांकि मास्क और सैनिटाइजर जैसी चीजें बनाने और बेचने वालों की बल्ले-बल्ले हो गई है। केमिस्ट बता रहे हैं कि लोग हजारों की तादाद में सैनिटाइजर और मास्क खरीद रहे हैं। विटामिन सी और पैरासिटामॉल की मांग में भी तेज उछाल दिख रहा है। इसी चक्कर में इनको बनाने वाली कंपनियों, यानी कुछ गिनी-चुनी फार्मा व केमिकल कंपनियों और मास्क बनाने वाली कंपनियों में निवेश की सलाह भी दी जा रही है। इनके भाव में खूब उछाल भी दिख रहा है, खराब बाजार के बावजूद।

लेकिन बाकी धंधों का हाल बेहाल है। हवाई सफर में जो डर है, वही घर से बाहर निकलने में भी है। तो होटल, रेस्तरां से लेकर सिनेमा हॉल, मॉल और पुराने बाजारों की दुकानों तक में कारोबार ठंडा है या किसी भी दिन होने का डर है। जैसे ही हैदराबाद और गुड़गांव में दो कंपनियों में एक-एक कर्मचारी को कोरोना वायरस होने का शक कन्फर्म हुआ, वैसे ही वहां आशंका बढ़ी। अब स्कूल की तरह यहां छुट्टी करना तो संभव है नहीं, लेकिन रिस्क भी तो नहीं ले सकते।

सबसे बुरी हालत है बड़ी फैक्टरियां चलाने वाली कंपनियों की। वहां काम भी चलता रहे और काम करने वालों को संक्रमण भी न हो, यह बड़ी चुनौती है। चुनौती और बढ़ गई है, क्योंकि चीन से आने वाले पुर्जों का इंपोर्ट ठप हो गया है। यह हाल सिर्फ भारत का नहीं, पूरी दुनिया में है। लोग कहीं आ-जा नहीं रहे हैं, मतलब कुछ खरीद भी नहीं रहे हैं। यानी सिर्फ उत्पादन को ही नहीं, मांग को भी तगड़ा झटका लग रहा है। अभी यह भी साफ नहीं है कि इसका प्रकोप कब तक कम होगा या थम पाएगा। विश्व बैंक का अनुमान है कि अगर यह बीमारी जल्द ही थम जाती है, तब भी यह दुनिया की जीडीपी में कम से कम आधा परसेंट का असर डालेगा। लेकिन अगर यह थमी नहीं, तो यह गिरावट पांच परसेंट तक की हो सकती है, यानी लगभग तीन लाख करोड़ डॉलर का झटका।

अभी तो इस बीमारी के इंश्योरेंस क्लेम भी ठीक से आने शुरू नहीं हुए हैं और वहां भी एक पेच आ गया है। इंश्योरेंस रेगुलेटरी और डेवलपमेंट अथॉरिटी ने बीमा कंपनियों से कहा है कि कोरोना वायरस से जुड़े दावे जल्दी से जल्दी निपटाए। दूसरी तरफ, कई कंपनियों ने विदेश यात्रा के लिए हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी देनी फिलहाल बंद कर दी है। खासकर सरकार ने जिन देशों के सफर से बचने को कहा है, कंपनियां वहां जाने के टिकट पर पॉलिसी नहीं दे रही हैं। भारत में इससे कितना नुकसान होगा, इसका साफ हिसाब जोड़ना अभी मुश्किल है। लेकिन इस माहौल में होली कैसे खेली जाएगी, यह सवाल चिंताजनक है। और होली का मूड बिगड़ा, तो अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर पड़ना तय है।

Thanks:www.livehindustan.com

Sign Up For Daily Newsletter

Be keep up! Get the latest breaking news delivered straight to your inbox.

By signing up, you agree to our Terms of Use and acknowledge the data practices in our Privacy Policy. You may unsubscribe at any time.
Share This Article
Facebook Whatsapp Whatsapp Telegram Email Copy Link Print
Share
What do you think?
Love0
Sad0
Happy0
Sleepy0
Angry0
Dead0
Wink0
Previous Article सायना नेहवाल ऑल इंग्लैंड के पहले दौर से बाहर
Next Article निर्भया केस के दोषी पवन को झटका, कोर्ट ने कहा-याचिका से फांसी की सजा पर नहीं होगा असर

आज का AQI

Live Cricket Scores

Latest News

डायरेक्टर संतोष डावखर की ‘गोंधळ’ का गेम-चेंजर मूव – 7 भाषाओं में 100% विज़ुअल डबिंग के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड!
entertainment
April 28, 2026
विक्की कौशल ने रितेश देशमुख से की खास मुलाकात
entertainment
April 28, 2026
तमिलनाडु चुनावः मतों की गिनती चार मई को 62 मतगणना केंद्रों पर की जाएगी
national
April 28, 2026
एम 4 एम मोटिव फॉर मर्डर, का ट्रेलर लॉन्च; मनोज नंदवाना चीफ गेस्ट, एक्ट्रेस जो शर्मा ने ₹ 1 लाख प्रतियोगिता की घोषणा
entertainment
April 28, 2026

Sign Up for Our Newsletter

Subscribe to our newsletter to get our newest articles instantly!

Follow US
© 2026 Surabhi Saloni All Rights Reserved. Disgen by AjayGupta
  • About Us
  • Privacy
  • Disclaimer
  • Terms and Conditions
  • Contact
Welcome Back!

Sign in to your account

Username or Email Address
Password

Lost your password?