नई दिल्ली:भारतीय क्रिकेट टीम की न्यूजीलैंड में करारी शिकस्त के बाद एमएसके प्रसाद कप्तान विराट कोहली के सपोर्ट में आए हैं। न्यूजीलैंड दौरे पर टी-20 सीरीज को 5-0 से जीतने के बाद भारत को वनडे सीरीज में 0-3 और टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड में विराट कोहली का बल्ला एकदम खामोश रहा। सीरीज के बाद विराट कोहली की फॉर्म और उनके व्यवहार को लेकर आलोचना की जा रही है, लेकिन एमसएके प्रसाद कप्तान के बचाव में उतरे हैं।
एमएसके प्रसाद ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ”हम उस लीजेंड के बारे में बात कर रहे हैं, जो पिछले कई सालों से रन मशीन है।” उन्होंने विराट का सपोर्ट करते हुए कहा कि वह भी एक इंसान हैं। उन्होंने कहा, ”वह भी एक इंसान हैं। उनके लिए भी एक सीरीज ऐसी हो सकती है, जिसमें वह परफॉर्म ना कर पाएं। एक सीरीज उनके खिलाफ नहीं जा सकती क्या? वह एक शानदार खिलाड़ी हैं।”
बता दें कि इससे पहले पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने विराट कोहली को न्यूजीलैंड दौरे की असफलता के बाद सलाह दी है। कपिल देव का मानना है कि न्यूजीलैंड में विराट कोहली के जूझने का कारण प्रतिक्रिया देने की क्षमता (रिफ्लैक्स) में कमी हो सकती है। भारतीय कप्तान को आयु से जुड़े मुद्दों से उबरने के लिए अधिक अभ्यास करने की जरूरत है। बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट में 31 साल के कोहली 9.50 के औसत से सिर्फ 38 रन बना पाए। इससे पहले सीमित ओवरों की सीरीज में उन्होंने एक अर्धशतक की मदद से 180 रन बनाए, जिससे ये दौरा उनके लिए भुलाने वाला अनुभव रहा।
कपिल ने एबीपी न्यूज से कहा, ”प्रत्येक बड़े बल्लेबाज के साथ ऐसा चरण आता है। यह आयु है, कहते हैं कि 30 बरस का होने के बाद नजर कमजोर होती है और इसका आदी होने में छह महीने से एक साल का समय लगता है।”
कपिल का मानना है कि कोहली को अपनी तकनीक में सुधार और अधिक अभ्यास करने की जरूरत है। उन्होंने साथ ही कहा कि आईपीएल में खेलने से भारतीय कप्तान को इससे सामंजस्य बैठाने में मदद मिलेगी।
विराट कोहली के बचाव में आए MSK प्रसाद, कहा- वह भी इंसान हैं

